बलौदाबाजार। 23 फरवरी 2026वनमंडल बलौदाबाजार अंतर्गत वन परिक्षेत्र देवपुर में इको-पर्यटन को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए नेचर कैंप “मड हाउस” का औपचारिक लोकार्पण किया गया। प्राकृतिक परिवेश के अनुरूप विकसित इस कैंप में स्थानीय संसाधनों और पारंपरिक निर्माण शैली का समावेश किया गया है, जिससे पर्यटकों को प्रकृति के समीप रहने का विशिष्ट अनुभव प्राप्त हो सके।

नेचर कैंप की स्थापना का उद्देश्य पर्यावरण अनुकूल पर्यटन को प्रोत्साहित करना, जैव विविधता के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा स्थानीय समुदायों को स्थायी आजीविका के अवसर उपलब्ध कराना है। इस पहल से देवपुर क्षेत्र में इको-पर्यटन गतिविधियों को सुदृढ़ करने, ग्रामीणों की सहभागिता बढ़ाने और रोजगार सृजन को गति मिलने की अपेक्षा है।
इसी क्रम में बारनवापारा अभ्यारण्य के पर्यटन ग्राम में नव-निर्मित रिसेप्शन भवन का भी शुभारंभ प्रधान मुख्य वन संरक्षक (वन्यप्राणी एवं जैव विविधता) एवं मुख्य वन्यजीव अभिरक्षक श्री अरुण कुमार पांडे की उपस्थिति में किया गया। यह स्वागत केंद्र अभ्यारण्य की विशिष्ट पहचान, समृद्ध जैव विविधता और प्राकृतिक धरोहर को प्रदर्शित करने की दृष्टि से विकसित किया गया है।
नए रिसेप्शन परिसर में स्थानीय वनस्पतियों, वन्यजीवों एवं पर्यटन संभावनाओं की समग्र जानकारी उपलब्ध कराई गई है, जिससे आगंतुकों को अभ्यारण्य की पारिस्थितिक विशेषताओं की विस्तृत समझ मिल सके।
प्रधान मुख्य वन संरक्षक श्री अरुण कुमार पांडे ने कहा कि इको-पर्यटन आधारित ऐसे प्रयास प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण को सुदृढ़ करने के साथ-साथ स्थानीय समुदायों को आत्मनिर्भर बनाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
लोकार्पण कार्यक्रम में वनमंडलाधिकारी श्री धम्मशील गणवीर, महिला स्व सहायता समूह देवपुर, नेचर कैंप इको-पर्यटन संचालन समिति के सदस्य, वन प्रबंधन समिति देवपुर के अध्यक्ष एवं सदस्य, अभ्यारण्य के अधिकारीगण, परिक्षेत्र अधिकारी देवपुर सहित वन विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।