रायपुर-नागपुर। महाराष्ट्र महानगरपालिका चुनाव 2026 के लिए प्रचार अभियान अपने चरम पर है। इसी क्रम में भारतीय जनता पार्टी के स्टार प्रचारक तथा छत्तीसगढ़ के धरसींवा विधानसभा क्षेत्र से लोकप्रिय विधायक और सुपरस्टार अनुज शर्मा ने नागपुर में मोर्चा संभाल लिया है। उन्होंने विशाल नगर, मिनीमाता चौक, डिप्टी सिग्नल, लक्ष्मी नगर, श्याम नगर और अम्बे नगर प्रभागों में सघन जनसंपर्क करते हुए भाजपा प्रत्याशियों के समर्थन में छह बड़ी चुनावी सभाओं को संबोधित किया।
अपने ओजस्वी भाषण और प्रभावी संवाद शैली से विधायक अनुज शर्मा ने स्थानीय नागरिकों, विशेषकर युवाओं और नागपुर में निवासरत छत्तीसगढ़ी समाज को भाजपा के पक्ष में एकजुट होने का आह्वान किया। सभाओं के दौरान उन्होंने पारंपरिक अभिवादन करते हुए कहा, “राम-राम नागपुर, अम्बे नगर के मोर सियान मन ला, मोर दाई-बहिनी मन ला जय जोहार।” उन्होंने भावनात्मक संबोधन में छत्तीसगढ़ और नागपुर के ऐतिहासिक व सांस्कृतिक संबंधों को रेखांकित करते हुए कहा कि दोनों का रिश्ता केवल सीमाओं का नहीं, बल्कि दिलों का है।
विधायक शर्मा ने कहा कि चुनाव केवल पार्षद चुनने की प्रक्रिया नहीं, बल्कि बच्चों के भविष्य और शहर के विकास का निर्णय है। उन्होंने कहा कि जिन क्षेत्रों में उन्होंने प्रचार किया है, उन्हें अब ‘स्मार्ट’ नहीं बल्कि ‘सुपर स्मार्ट’ प्रभाग बनाना लक्ष्य है। फिल्मी दुनिया के उदाहरणों का उल्लेख करते हुए उन्होंने जनता से ऐसे जनप्रतिनिधियों को पहचानने का आग्रह किया, जो चुनाव के समय सक्रिय रहते हैं लेकिन बाद में जनता से दूर हो जाते हैं।
उन्होंने मातृशक्ति की सुरक्षा और सम्मान, युवाओं की भागीदारी तथा विकास के लिए भाजपा की प्रतिबद्धता को दोहराया। साथ ही कहा कि नागपुर का समग्र विकास भाजपा की डबल इंजन सरकार और सशक्त नगर निगम के समन्वय से ही संभव है। केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का उल्लेख करते हुए उन्होंने भाजपा प्रत्याशियों को भारी मतों से विजयी बनाने की अपील की।
नागपुर में निवासरत छत्तीसगढ़ी समाज और युवाओं के बीच अनुज शर्मा की लोकप्रियता का स्पष्ट असर देखने को मिला। उन्हें देखने और सुनने के लिए बड़ी संख्या में लोग सभाओं में उमड़े। इस अवसर पर स्थानीय भाजपा प्रत्याशी, चुनाव प्रभारी, पार्टी पदाधिकारी तथा बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और नागरिक उपस्थित रहे।