गिरौदपुरी। 10 जनवरी 2026 शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कटनी द्वारा आयोजित सात दिवसीय राष्ट्रीय सेवा योजना (एन.एस.एस.) शिविर के छठे दिवस आज बौद्धिक सत्र का आयोजन किया गया। इस अवसर पर स्वयंसेवकों को सामाजिक, नैतिक एवं बौद्धिक विषयों पर महत्वपूर्ण मार्गदर्शन प्रदान किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित चौकी प्रभारी महोदय के उद्बोधन से हुई। उन्होंने वर्तमान समय की सबसे बड़ी चुनौती मोबाइल के दुरुपयोग पर चिंता व्यक्त की तथा स्वयंसेवकों को साइबर क्राइम से संबंधित विस्तृत जानकारी दी। साथ ही साइबर अपराध से बचाव के उपायों पर भी प्रकाश डाला।
इसके पश्चात शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कटनी के प्राचार्य के.पी.आर. पुरेना ने स्वयंसेवकों को संबोधित करते हुए कहा कि जीवन में सही-गलत की पहचान और समझ विकसित करना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि सोचने-समझने की क्षमता और विवेक ही एक सेवक के व्यक्तित्व को मजबूत बनाते हैं।
कार्यक्रम को आगे बढ़ाते हुए शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय गिरौदपुरी के प्राचार्य द्वारा भी स्वयंसेवकों को राष्ट्रसेवा और नैतिक मूल्यों पर प्रेरक संदेश दिया गया। बौद्धिक सत्र में शिक्षक श्री बोहराम प्रधावती ने “समय का सदुपयोग” एवं “अनुशासन” को विद्यार्थी जीवन का आधार बताया। वहीं शिक्षक श्री राजेन्द्र कश्यप ने आपसी सहयोग एवं सकारात्मक संवाद के माध्यम से स्वयंसेवकों में आत्मविश्वास का संचार किया।
उक्त कार्यक्रम एवं गतिविधियों का संचालन राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम अधिकारी आदरणीय श्री नारायण दास वैष्णव के नेतृत्व में किया गया। शिविर में शामिल 52 छात्र-छात्राओं ने स्वच्छता एवं सामाजिक जागरूकता अभियान चलाकर समाज सेवा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।
एन.एस.एस. शिविर का छठा दिवस ज्ञानवर्धक, प्रेरणादायी एवं उत्साह से परिपूर्ण रहा।