कसडोल | 14 फरवरी 2026 थाना कसडोल क्षेत्र अंतर्गत ग्राम डाढाखार में एक व्यक्ति की हत्या के मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने पंच चुनाव के दौरान वोट नहीं देने की बात को लेकर पुरानी रंजिश में लकड़ी के डंडे से सिर पर ताबड़तोड़ वार कर हत्या की घटना को अंजाम दिया था।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक इतवारी राम पैकरा (55 वर्ष) निवासी ग्राम डाढाखार को दिनांक 07 अप्रैल 2025 को सिर में गंभीर चोट लगने के कारण उपचार हेतु जिला अस्पताल बलौदाबाजार में भर्ती कराया गया था। उपचार के दौरान 08 अप्रैल 2025 को उनकी मृत्यु हो गई। मामले में मर्ग कायम कर पोस्टमार्टम कराया गया, जिसमें सिर पर किसी कठोर वस्तु से घातक प्रहार किए जाने की पुष्टि हुई।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर थाना कसडोल में अपराध क्रमांक 59/2026 धारा 103(1) बीएनएस के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई।
पुलिस अधीक्षक श्रीमती भावना गुप्ता के निर्देशन में थाना कसडोल पुलिस द्वारा घटनास्थल का सूक्ष्म निरीक्षण कर मृतक के परिजनों एवं आसपास के स्वतंत्र गवाहों से पूछताछ की गई। जांच में सामने आया कि आरोपी नरेश पैकरा (42 वर्ष) ने मृतक से पंच चुनाव में वोट नहीं देने की बात को लेकर विवाद किया। आरोपी ने मृतक को “गांव में बड़ा बैगा बनता है” कहते हुए गाली-गलौच की और पास में पड़े लकड़ी के डंडे से उसके सिर पर लगातार वार कर दिया, जिससे वह बेहोश होकर गिर पड़ा।
इलाज के दौरान मृतक की मृत्यु हो गई। जांच के दौरान यह भी पता चला कि घटना के समय कुछ ग्रामीण मौके पर मौजूद थे, लेकिन आरोपी द्वारा उन्हें घटना की जानकारी किसी को देने पर जान से मारने की धमकी दी गई थी, जिसके कारण उन्होंने प्रारंभ में पुलिस को सूचना नहीं दी।
पुलिस ने साक्ष्यों एवं गवाहों के कथनों के आधार पर आरोपी नरेश पैकरा को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने हत्या करना स्वीकार किया। आरोपी को 14 फरवरी 2026 को विधिवत गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में प्रस्तुत करने की प्रक्रिया की जा रही है।
पुलिस ने बताया कि मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।