दीवार लेखन, रंगोली, रैली और शपथ के जरिए जल संचयन में बढ़ाई जा रही जनभागीदारी
बलौदाबाजार, 21 मार्च 2026। जिले में जल संरक्षण को जन आंदोलन का रूप देने के उद्देश्य से “मोर गांव मोर पानी महाभियान 2.0” के तहत व्यापक जनजागरण अभियान चलाया जा रहा है। यह अभियान कलेक्टर कुलदीप शर्मा के मार्गदर्शन एवं जिला पंचायत सीईओ दिव्या अग्रवाल के नेतृत्व में संचालित हो रहा है।
अभियान के तहत गांव-गांव में दीवार लेखन, रंगोली, रैली और जल संरक्षण शपथ के माध्यम से लोगों को जागरूक किया जा रहा है। जल संचयन वाहिनी एवं महिला समूहों द्वारा ग्राम पंचायत कार्यालय, स्कूल, आंगनबाड़ी केंद्र सहित सार्वजनिक स्थलों पर आकर्षक रंगोली बनाकर जल संरक्षण का संदेश दिया जा रहा है।
जनभागीदारी से बढ़ रहा अभियान
जागरूकता रैलियों में महिला, पुरुष, युवा और बच्चे बढ़-चढ़कर भाग ले रहे हैं। साथ ही तालाबों, नहरों और हैंडपंप के आसपास साफ-सफाई अभियान भी चलाया जा रहा है।
20 मई तक चलेंगे विविध कार्यक्रम
महाभियान के तहत 13 मार्च से 20 मई तक ग्राम पंचायतों और नगरीय निकायों में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इस दौरान हैंडपंप, नल, शासकीय भवनों और प्रधानमंत्री आवासों के पास सोखता गड्ढा और रेन वाटर हार्वेस्टिंग संरचनाओं का निर्माण किया जाएगा।
बड़ा लक्ष्य निर्धारित
अभियान के अंतर्गत इस वर्ष लगभग 1 लाख 9 हजार जल संचयन एवं संरक्षण कार्यों को पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
प्रशासन का उद्देश्य है कि जल संरक्षण को जनभागीदारी के माध्यम से एक स्थायी अभियान बनाया जाए, ताकि भविष्य में जल संकट से प्रभावी रूप से निपटा जा सके।