चांदमारी रोड पर युवतियों से छेड़खानी, त्वरित कार्रवाई में एक आरोपी गिरफ्तार

TEJASWI NATH SONI

February 15, 2026

चांदमारी रोड पर कार सवार युवतियों के साथ फिल्मी अंदाज में छेड़खानी की गंभीर घटना पर रायगढ़ पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। घटना में प्रयुक्त ग्रैंड विटारा कार (CG13 AW 2410) भी जप्त कर ली गई है। मामले में शामिल अन्य चार आरोपी फरार हैं, जिनकी सघन तलाश जारी है।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, 9 फरवरी 2026 की रात्रि लगभग 11 बजे दो युवतियां दवाई लेने के लिए रायगढ़ जा रही थीं। चांदमारी रोड पर वे कार रोककर आवारा कुत्तों को बिस्किट खिला रही थीं, तभी पीछे से आई नीले रंग की ग्रैंड विटारा कार में सवार पांच युवकों ने अशोभनीय टिप्पणियां व इशारे किए। युवतियों के वहां से निकलने के बाद आरोपियों ने उनका पीछा किया और रियापारा तिराहा चौक के पास ओवरटेक कर उनकी कार के सामने अपनी कार अड़ा दी। एक युवक ने कार से उतरकर अश्लील हरकतें कीं और स्वयं को प्रदीप पटेल बताया।

घटना की रिपोर्ट पर महिला थाना में अपराध क्रमांक 09/2026 धारा 78(2), 126(2), 79, 75(3), 3(5) भारतीय न्याय संहिता के तहत मामला दर्ज किया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी के मार्गदर्शन में महिला थाना पुलिस ने तत्काल दबिश दी। जांच में वाहन ढिमरापुर स्थित प्रदीप पटेल के घर के सामने मिला, जबकि वाहन घटना के दिन नरेन्द्र महावर द्वारा चलाया जाना पाया गया।

पुलिस ने आरोपी नरेन्द्र महावर (21 वर्ष), निवासी वार्ड नं. 1 चांवसारी, थाना सिटी कोतवाली रायगढ़ को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में उसने प्रदीप पटेल, कमलेश यादव, राहुल गुप्ता एवं संगम त्रिपाठी के साथ मिलकर युवतियों का पीछा कर रास्ता रोककर छेड़खानी करना स्वीकार किया। आरोपी को न्यायालय में प्रस्तुत कर जेल भेज दिया गया है।

इस कार्रवाई में महिला थाना प्रभारी उप निरीक्षक दीपिका निर्मलकर सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने स्पष्ट संदेश दिया कि “महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। महिला सम्मान से खिलवाड़ करने वालों पर सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।”

District Bureau Chief BALODA BAZAR

Share this content:

Leave a Comment