कटगी में आज सुबह एक दर्दनाक हादसा सामने आया, जहां रमेश ऑटो पार्ट्स की दुकान में अचानक भीषण आग भड़क उठी। सुबह करीब 8 बजे की जानकारी के अनुसार लगी इस आग ने देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया और पूरी दुकान को अपनी चपेट में ले लिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक आग इतनी तेज थी कि लगभग 3 घंटे तक दुकान धधकती रही। इस दौरान दुकान के भीतर रखा लाखों रुपये का ऑटो पार्ट्स का सामान, साथ ही अलग कमरे में रखी नकदी भी पूरी तरह जलकर राख हो गई। शुरुआती आकलन के अनुसार कुल मिलाकर 15 लाख रुपये से अधिक के नुकसान की आशंका जताई जा रही है।
स्थानीय लोगों ने तुरंत फायर ब्रिगेड को सूचना दी, जिसके बाद दमकल की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। इस दौरान आसपास के लोगों ने भी राहत और बचाव कार्य में सहयोग किया।
घटना की जानकारी मिलते ही कसडोल थाना और पेट्रोलिंग टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखते हुए जांच में जुटी हुई है।