कोंडागांव, छत्तीसगढ़ शासन की महत्वाकांक्षी पुलिस सैलरी पैकेज योजना के तहत दिवंगत आरक्षक स्व. घनश्याम भुआर्य (आरक्षक क्रमांक 472) की पत्नी श्रीमती हुलसी भुआर्य को ₹1,00,00,000 (एक करोड़ रुपये) का जीवन बीमा लाभ प्रदान किया गया।
स्व. घनश्याम भुआर्य जिला कोंडागांव के थाना अनंतपुर में पदस्थ थे। अवकाश से वापस लौटते समय 14 जून 2025 को थाना बेनूर, जिला नारायणपुर क्षेत्र में सड़क दुर्घटना में उनका असामयिक निधन हो गया था।
छत्तीसगढ़ शासन द्वारा पुलिस कर्मियों के भविष्य की सुरक्षा के लिए भारतीय स्टेट बैंक के साथ पुलिस सैलरी पैकेज योजना के तहत समझौता किया गया है। इसी योजना के अंतर्गत आरक्षक घनश्याम भुआर्य की नामिनी पत्नी को एक करोड़ रुपये का बीमा चेक प्रदान किया गया।
यह चेक पुलिस अधीक्षक कोंडागांव श्री पंकज चंद्रा (भा.पु.से.) द्वारा श्रीमती हुलसी भुआर्य को सौंपा गया। इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कपिल चंद्रा, उप पुलिस अधीक्षक मुख्यालय सतीश भार्गव, भारतीय स्टेट बैंक कोंडागांव शाखा के प्रबंधक सपन कुमार चक्रवर्ती, आंकिक मनीषा बोरकर मेश्राम, प्रियंका निषाद सहित पुलिस विभाग एवं बैंक के अधिकारी-कर्मचारी तथा परिजन उपस्थित रहे।
पुलिस सैलरी पैकेज के तहत राशि दिलाने की प्रक्रिया में पुलिस कार्यालय कोंडागांव के प्रकाश मिंज (मुख्य लिपिक), नेतराम दीवान (उप निरीक्षक) तथा हरिशचंद्र चुरेन्द्र (प्रधान आरक्षक) की भूमिका सराहनीय रही।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक ने कहा कि यह योजना पुलिस कर्मियों और उनके परिवारों को आर्थिक सुरक्षा प्रदान करने की दिशा में राज्य सरकार की महत्वपूर्ण पहल है।