राज्य मानसिक चिकित्सालय सेन्दरी की जीवनदीप समिति बैठक में मरीज सुविधाओं के विस्तार पर कई अहम निर्णय

SARJU PRASAD SAHU

January 15, 2026

बिलासपुर। 15 जनवरी 2026 संभागायुक्त सुनील जैन की अध्यक्षता में राज्य मानसिक चिकित्सालय सेन्दरी की जीवनदीप समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में मानसिक रोगियों की सुविधाओं के विस्तार और अस्पताल प्रबंधन को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।

संभागायुक्त  जैन ने कहा कि मानसिक बीमारी भी अन्य बीमारियों की तरह उपचार योग्य है और इसके प्रति समाज में व्याप्त भ्रांतियों को दूर करना आवश्यक है। उन्होंने मानसिक रोगों के संबंध में जनजागरूकता बढ़ाने के लिए एक सुव्यवस्थित कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। बैठक के दौरान उन्होंने अस्पताल में भर्ती मरीजों से संवाद कर उन्हें उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का भी जायजा लिया।

बैठक में जानकारी दी गई कि पूर्व बैठक में लिए गए निर्णय के अनुसार मानसिक चिकित्सालय में ओपीडी सेवाएं निःशुल्क कर दी गई हैं। वर्तमान में प्रति माह लगभग 1300 मरीज यहां उपचार के लिए पहुंच रहे हैं। बीते एक वर्ष में करीब 15,500 लोगों ने मानसिक रोगों का उपचार कराया, जबकि इसी अवधि में 1344 मरीजों को भर्ती कर उपचार प्रदान किया गया।

आय-व्यय की समीक्षा में बताया गया कि अप्रैल 2025 से 6 जनवरी 2026 तक अस्पताल को कुल 2 करोड़ 86 लाख रुपये की आय प्राप्त हुई, जिसमें से 1 करोड़ 17 लाख रुपये विभिन्न कार्यों पर व्यय किए गए। वर्तमान में लगभग 92 लाख रुपये की राशि शेष है, जिसे अधिक ब्याज दर वाले बैंकों में जमा करने का निर्णय लिया गया। साथ ही, अस्पताल प्रबंधन द्वारा अनुमोदन की प्रत्याशा में किए गए मजदूरी भुगतान एवं अन्य आवश्यक खर्चों के लिए लगभग 9 लाख रुपये की कार्योत्तर स्वीकृति भी प्रदान की गई।

बैठक के एजेंडे के अनुसार अस्पताल के लिए वाहन सुविधा, पेयजल आपूर्ति, मनोरोग चिकित्सकों के लिए बैठक कक्ष, मरीजों के परिजनों के लिए प्रतीक्षालय, क्लीनिकल प्रशिक्षण शुल्क, भंडार कक्ष में कूलिंग व्यवस्था, वाटर कूलर एवं शेड निर्माण जैसी सुविधाओं पर विस्तृत चर्चा कर निर्णय लिए गए।

बैठक में कलेक्टर संजय अग्रवाल सहित जीवनदीप समिति के सदस्य एवं जिला अधिकारी उपस्थित रहे। अस्पताल अधीक्षक डॉ. जे.पी. आर्या ने पिछली बैठक में लिए गए निर्णयों के अनुपालन का प्रतिवेदन प्रस्तुत किया

संपादक { विज्ञापन‍ }

Share this content:

Leave a Comment