बजट में जिले को अनेक विकास कार्यों की सौगात, खुलेंगे नए संस्थान डी.के. कॉलेज बनेगा सेंटर ऑफ एक्सीलेंस, भाटापारा में नालंदा परिसर का निर्माण

TEJASWI NATH SONI

February 25, 2026

बलौदाबाजार, 25 फरवरी 2026। वित्त मंत्री श्री ओ.पी. चौधरी द्वारा वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए 1 लाख 76 हजार करोड़ रुपये का ‘संकल्प’ बजट प्रस्तुत किया गया। इस बजट में बलौदाबाजार-भाटापारा जिले के लिए अनेक महत्वपूर्ण विकास कार्यों एवं नए संस्थानों हेतु प्रावधान किए गए हैं।

सड़क एवं अधोसंरचना विकास को बढ़ावा

द्रुतगामी सड़क संपर्क योजना अंतर्गत कसडोल से गरियाबंद व्हाया बागबहरा सड़क निर्माण का प्रावधान किया गया है। वहीं बलौदाबाजार-भाटापारा सड़क चौड़ीकरण के लिए 25 करोड़ रुपये का बजट निर्धारित किया गया है।
प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत हथबंद से शिकारी केशली व्हाया जांगड़ा मार्ग निर्माण भी प्रस्तावित है। इसके अतिरिक्त जिले में ऑटोमेटेड ड्राइविंग टेस्ट ट्रैक के अंतर्गत ई-ट्रैक निर्माण का प्रावधान किया गया है।

शिक्षा क्षेत्र में बड़े प्रावधान

डी.के. कॉलेज को सेंटर ऑफ एक्सीलेंस के रूप में विकसित किया जाएगा। मिनिमाता शासकीय कन्या महाविद्यालय को स्नातकोत्तर महाविद्यालय में उन्नयन का प्रावधान है।
भाटापारा में नालंदा परिसर का निर्माण तथा बलौदाबाजार में बीएड कॉलेज स्थापना के लिए बजट स्वीकृत किया गया है।

औद्योगिक एवं सामाजिक विकास

मटिया कसडोल में औद्योगिक क्षेत्र की स्थापना का प्रावधान किया गया है। मड़वा में सतनाम धर्मशाला निर्माण हेतु 50 लाख रुपये निर्धारित किए गए हैं।
गिरौदपुरी मेले की अनुदान राशि 25 लाख से बढ़ाकर 50 लाख रुपये कर दी गई है। भाटापारा में मॉडल उप पंजीयन कार्यालय भवन निर्माण के लिए भी बजटीय प्रावधान किया गया है।

नई योजनाओं की शुरुआत

बजट में लखपति दीदी भ्रमण योजना, मुख्यमंत्री आदर्श शहर समृद्धि योजना, द्रुतगामी सड़क संपर्क योजना, सीजी-एसीई, मुख्यमंत्री शिक्षा सहयोग योजना, स्वामी विवेकानंद उत्कृष्ट शाला योजना तथा छत्तीसगढ़ युवा दर्शन योजना जैसी नई योजनाओं के लिए भी प्रावधान किया गया है।

इस बजट को जिले के विकास के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है, जिससे सड़क, शिक्षा, उद्योग और सामाजिक क्षेत्र में नई संभावनाओं के द्वार खुलेंगे।

District Bureau Chief BALODA BAZAR

Share this content:

Leave a Comment