
छत्तीसगढ़ प्रदेश साहू संघ के आईटी सेल प्रकोष्ठ में कार्यकारिणी विस्तार करते हुए मनीष कुमार साहू को पुनः प्रदेश प्रभारी महामंत्री नियुक्त किया गया है। इस विस्तार में कुल 17 पदाधिकारियों को विभिन्न दायित्व सौंपे गए हैं। यह नियुक्ति संघ के अध्यक्ष डॉ. नीरेन्द्र साहू, आईटी सेल के प्रदेश संयोजक द्वारिका साहू एवं वरिष्ठ पदाधिकारियों की सहमति से की गई है।
मनीष कुमार साहू वर्तमान में अखिल भारतीय तैलिक साहू महासभा में राष्ट्रीय युवा संगठन सचिव के रूप में छत्तीसगढ़ एवं ओडिशा की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। इससे पूर्व भी वे आईटी सेल प्रकोष्ठ में प्रदेश प्रभारी महामंत्री, युवा प्रकोष्ठ के प्रदेश उपाध्यक्ष और मीडिया प्रभारी सहित कई महत्वपूर्ण पदों पर अपनी सेवाएं दे चुके हैं।
इसके अलावा वे कसडोल विधायक संदीप साहू के निज सचिव के रूप में भी कार्य कर चुके हैं और वर्तमान में आकाशवाणी रायपुर से जुड़े हुए हैं। अपने विभिन्न दायित्वों के दौरान उन्होंने संगठन को मजबूत बनाने, जनसंपर्क बढ़ाने और तकनीकी नवाचार को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण योगदान दिया है।
मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि धमतरी जिले के छोटे से ग्राम कपालफोड़ी से एक सामान्य कार्यकर्ता के रूप में शुरुआत कर उन्हें पुनः यह जिम्मेदारी मिलना उनके लिए गर्व और सम्मान का विषय है। उन्होंने समाज के वरिष्ठ नेतृत्व, परिजनों एवं शुभचिंतकों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह जिम्मेदारी उन्हें और अधिक समर्पण के साथ समाज सेवा करने की प्रेरणा देती है।
इस नियुक्ति पर समाज के वरिष्ठजनों, जनप्रतिनिधियों एवं परिजनों ने हर्ष व्यक्त करते हुए मनीष कुमार साहू को शुभकामनाएं दी हैं तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।