महासमुंद। 27 मार्च 2026 जिले के कोमाखान थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध महुआ परिवहन के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 16 टन महुआ और एक ट्रक सहित कुल 24 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की है। यह कार्रवाई टेमरी नाका पर संदिग्ध वाहन चेकिंग के दौरान की गई।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, उड़ीसा के खरियार रोड की ओर से आ रहे एक ट्रक (सीजी 04 एमटी 0207) को रोककर जांच की गई। पूछताछ में चालक ने अपना नाम किशन ठाकुर (20 वर्ष) निवासी सुवरमाल, थाना कोमाखान, जिला महासमुंद बताया। उसने ट्रक में लोड 16 टन महुआ को खरियार रोड से रायपुर ले जाने की बात कही।
पुलिस ने चालक से महुआ परिवहन से संबंधित वैध दस्तावेज प्रस्तुत करने के लिए धारा 94 बीएनएसएस के तहत नोटिस दिया, लेकिन चालक कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इस पर गवाहों की मौजूदगी में ट्रक में लोड महुआ जब्त कर लिया गया।
जांच के दौरान ट्रक का पंजीयन वाहन स्वामी संदीप कुमार अग्रवाल के नाम पर पाया गया। पुलिस ने ट्रक, महुआ और आरसी बुक सहित कुल 24 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की है।
जब्त सामग्री में शामिल:
16 टन महुआ (कीमत लगभग 4 लाख रुपये)
अशोक लिलैंड ट्रक (कीमत लगभग 20 लाख रुपये)
ट्रक का आरसी बुक
पुलिस ने इस मामले में इस्तगासा क्रमांक 04/2026, धारा 106 बीएनएसएस के तहत कार्रवाई दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध परिवहन करने वालों में हड़कंप मच गया है।