सारंगढ़-बिलाईगढ़। 23 मार्च 2026 जिले में अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सरिया पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने ग्राम मारोदरहा में छापामार कार्रवाई करते हुए 20 लीटर कच्ची महुआ शराब के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
पुलिस अधीक्षक आंजनेय वार्ष्णेये, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती निमीषा पाण्डेय एवं डीएसपी सुश्री संतोषी ग्रेस के निर्देशानुसार जिले में अवैध शराब के निर्माण, बिक्री एवं परिवहन पर लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में थाना प्रभारी प्रमोद यादव के नेतृत्व में सरिया थाना पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर त्वरित कार्रवाई की।
मिली जानकारी के अनुसार, 22 मार्च 2026 को पुलिस टीम ने ग्राम मारोदरहा में आरोपी के घर पर घेराबंदी कर छापा मारा। इस दौरान घर के आंगन में छिपाकर रखे गए सफेद प्लास्टिक बैग से 20 लीटर कच्ची महुआ शराब बरामद की गई।
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम विजय बरिहा (34 वर्ष), निवासी मारोदरहा, थाना सरिया बताया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से शराब जब्त कर उसके खिलाफ आबकारी एक्ट की धारा 34(2) एवं 59(क) के तहत मामला दर्ज किया।
आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी प्रमोद यादव, प्रधान आरक्षक मोहन गुप्ता सहित आरक्षक विमल जांगड़े, दिलीप स्नेही, दिगंबर, खेमलाल एवं थाना स्टाफ की सराहनीय भूमिका रही।
पुलिस का संदेश: अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।