महासमुंद पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 4 करोड़ 75 लाख का गांजा जब्त, दो अंतर्राज्यीय तस्कर गिरफ्तार
विरेंद्र सेन
कोमाखान/महासमुंद: मुख्यमंत्री के नशामुक्त प्रदेश के संकल्प और अवैध मादक पदार्थों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत एन्टी नारकोटिक्स टास्क फाॅर्स और कोमाखान पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। संयुक्त टीम ने घेराबंदी कर गांजे की एक बड़ी खेप पकड़ते हुए दो अंतर्राज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया है।
भारी मात्रा में मादक पदार्थ और ट्रक बरामद
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 950 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इस खेप की अनुमानित कीमत 4 करोड़ 75 लाख रुपए बताई जा रही है। तस्करी में प्रयुक्त 15 लाख रुपए मूल्य के ट्रक को भी पुलिस ने जब्त कर लिया है।
बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकेज की जांच जारी
पुलिस महानिरीक्षक और पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में इस मामले में ‘एंड-टू-एंड इन्वेस्टिगेशन’ (End-to-End Investigation) अपनाई जा रही है। इसका मुख्य उद्देश्य केवल तस्करों को पकड़ना नहीं, बल्कि यह पता लगाना है कि यह माल कहाँ से लाया गया और इसे कहाँ खपाया जाना था। इन फॉरवर्ड और बैकवर्ड कड़ियों (Links) को जोड़ने के लिए पुलिस की विशेष टीमें रवाना कर दी गई हैं।
15 दिनों में 9 करोड़ से अधिक की जब्ती
महासमुंद जिले में पुलिस का नशा विरोधी अभियान प्रचंड रूप में जारी है। पिछले 15 दिनों के भीतर पुलिस ने रिकॉर्ड कार्रवाई करते हुए अब तक कुल 1831.610 किलोग्राम गांजा जब्त किया है, जिसकी कुल कीमत 9 करोड़ 15 लाख 83 हजार रुपए आंकी गई है।