गरियाबंद पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 9.28 लाख रुपये के गांजा के साथ तीन अंतरराज्यीय तस्कर गिरफ्तार

SARJU PRASAD SAHU

March 22, 2026

गरियाबंद। जिले की मैनपुर पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ सख्त अभियान चलाते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों में कार्रवाई करते हुए कुल 18.575 किलोग्राम गांजा जब्त किया है, जिसकी कुल अनुमानित कीमत 9 लाख 28 हजार रुपये बताई जा रही है। इस दौरान तीन अंतरराज्यीय गांजा तस्करों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 21 मार्च 2026 को थाना प्रभारी मैनपुर को मुखबिर से सूचना मिली थी कि उड़ीसा से गांजा लाकर मध्यप्रदेश ले जाया जा रहा है। सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम का गठन कर अलग-अलग स्थानों पर रेड कार्रवाई की गई।

पहली कार्रवाई ग्राम झरियाबाहरा-नगरी मुख्य मार्ग पर की गई, जहां एक संदिग्ध पल्सर मोटरसाइकिल को रोककर जांच की गई। पूछताछ में आरोपियों ने अपना नाम सरजन कुमार विश्वकर्मा (20 वर्ष) निवासी राजगढ़ (म.प्र.) एवं दिलीप बारोड़ (45 वर्ष) निवासी इंदौर (म.प्र.) बताया। तलाशी लेने पर उनके कब्जे से 14.075 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया, जिसकी कीमत लगभग 7,03,750 रुपये आंकी गई। साथ ही प्रयुक्त मोटरसाइकिल (कीमत 1.50 लाख रुपये) को भी जब्त किया गया।

दूसरी कार्रवाई मैनपुरकला मोड़ स्थित बुढ़ा देव मंदिर के पास राष्ट्रीय राजमार्ग पर की गई, जहां एक अन्य पल्सर मोटरसाइकिल को रोककर जांच की गई। आरोपी अंकुर (22 वर्ष) निवासी राजगढ़ (म.प्र.) के कब्जे से 4.500 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ, जिसकी कीमत करीब 2,25,000 रुपये है। इस मामले में भी मोटरसाइकिल (कीमत 1.50 लाख रुपये) जब्त की गई।

दोनों मामलों में पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(ख) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।

पुलिस अधीक्षक वेदव्रत सिरमौर के निर्देशन में जिले में अवैध शराब और गांजा के खिलाफ लगातार अभियान जारी है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नशे के अवैध कारोबार में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

सह संपादक

Share this content:

Leave a Comment