थाना हथबंद । हथबंद बलौदाबाजार 31 जनवरी 2026 जिले में अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक श्रीमती भावना गुप्ता के निर्देशन में शुरू की गई महत्वाकांक्षी योजना “समाधान सेल” लगातार प्रभावी सिद्ध हो रही है। इसी कड़ी में थाना हथबंद पुलिस ने अवैध रूप से शराब की बिक्री एवं परिवहन में संलिप्त तीन शराब कोचियों को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, समाधान सेल हेल्पलाइन पर अवैध शराब बिक्री की सूचना प्राप्त हुई थी। सूचना को गंभीरता से लेते हुए थाना हथबंद की पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए नेवधा रोड, हथबंद क्षेत्र में घेराबंदी की। इस दौरान बिक्री के लिए शराब ले जा रहे तीनों आरोपियों को रंगे हाथों पकड़ लिया गया।
भारी मात्रा में शराब और वाहन जब्त
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से ₹9,100 कीमत की 91 पाव देशी मसाला शराब बरामद की है। इसके अलावा अवैध रूप से शराब परिवहन में प्रयुक्त एक सोल्ड स्कूटी भी जब्त की गई है। प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी क्षेत्र में चोरी-छिपे शराब की बिक्री कर रहे थे, जिससे अवैध मुनाफा अर्जित किया जा रहा था।
आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज
थाना हथबंद पुलिस ने तीनों आरोपियों के विरुद्ध आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत अपराध पंजीबद्ध किया है। आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया की जा रही है।
गिरफ्तार आरोपी
कुलेश्वर चतुर्वेदी (उम्र 25 वर्ष), निवासी ग्राम छपोरा, थाना तिल्दा नेवरा, जिला रायपुर
हर्ष चतुर्वेदी (उम्र 23 वर्ष), निवासी ग्राम छपोरा, थाना तिल्दा नेवरा, जिला रायपुर
भानु महिलांग (उम्र 32 वर्ष), निवासी ग्राम सोनबरसा, थाना भाटापारा ग्रामीण
समाधान सेल से बढ़ी पुलिस की कार्यक्षमता
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, समाधान सेल के माध्यम से आम नागरिक सीधे पुलिस तक अपनी शिकायत, सूचना अथवा आपराधिक गतिविधियों की जानकारी पहुंचा सकते हैं। इस योजना से पुलिस को समय पर सटीक सूचनाएं मिल रही हैं, जिससे अपराधियों की धरपकड़ में लगातार सफलता मिल रही है।
पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि यदि उन्हें किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि, अपराध या संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिले तो वे बिना भय समाधान हेल्पलाइन नंबर 94792 20392 पर कॉल या व्हाट्सएप के माध्यम से सूचना दें। सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।
इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में अवैध शराब कारोबारियों में हड़कंप मचा हुआ है और पुलिस की इस सख्ती को अपराध नियंत्रण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।