कोरबा। जिले के कुसमुंडा स्थित एसईसीएल की कोयला खदान में मंगलवार सुबह एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। आउटसोर्सिंग कंपनी नीलकंठ में मिट्टी डंपिंग के दौरान अचानक डंप स्लाइड होने से दो डंपर खाई में जा गिरे। गनीमत रही कि दोनों डंपर चालकों ने समय रहते कूदकर अपनी जान बचा ली, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई।
बताया जा रहा है कि डंपिंग स्थल पर पर्याप्त रोलिंग और सुरक्षा मानकों का पालन नहीं होने के कारण मिट्टी अचानक खिसक गई। इसी दौरान मिट्टी डाल रहे दोनों डंपर संतुलन खोकर खाई में जा गिरे। घटना के बाद खदान क्षेत्र में हड़कंप मच गया और मौके पर बड़ी संख्या में कर्मचारी व स्थानीय लोग जुट गए।
सूचना मिलते ही संबंधित विभाग के अधिकारी और कर्मचारी घटनास्थल पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। वहीं, खदान में कार्यरत कर्मचारियों ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि इस तरह की घटनाएं पहले भी हो चुकी हैं, लेकिन प्रबंधन द्वारा सुधार के ठोस कदम नहीं उठाए गए।
कर्मचारियों ने आरोप लगाया कि सुरक्षा मानकों की अनदेखी और लापरवाही के चलते लगातार जोखिम बना हुआ है। उन्होंने जिला प्रशासन से मांग की है कि मामले को गंभीरता से लेते हुए जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए और खदान में सुरक्षा व्यवस्था को सख्ती से लागू कराया जाए।