महतारी वंदन योजना ने संवारी भगवती की गृहस्थी, सिलाई मशीन से आसान हुई स्वावलंबन की राह

TEKRAM KOSLE

March 9, 2026

रिपोर्टर टेकराम कोसले

बलौदाबाजार-भाटापारा, 09 मार्च 2026। छत्तीसगढ़ शासन की महतारी वंदन योजना ग्रामीण महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। इस योजना का सकारात्मक प्रभाव बलौदाबाजार विकासखंड के ग्राम पंचायत कोरदा की निवासी भगवती साहू के जीवन में साफ तौर पर देखा जा सकता है। नियमित रूप से मिलने वाली आर्थिक सहायता ने न केवल उनकी गृहस्थी को संभाला है, बल्कि उन्हें आत्मनिर्भर बनने की दिशा में भी मजबूती प्रदान की है।
ग्राम कोरदा निवासी भगवती साहू आज उन महिलाओं के लिए प्रेरणा बन चुकी हैं, जो सीमित संसाधनों के बावजूद अपने परिवार के लिए कुछ करने का हौसला रखती हैं। छत्तीसगढ़ शासन की महतारी वंदन योजना के तहत उन्हें प्रतिमाह एक हजार रुपए की आर्थिक सहायता प्राप्त हो रही है, जो उनके सिलाई कार्य के लिए संजीवनी साबित हो रही है। इस राशि से वे सिलाई के लिए आवश्यक कच्चा माल जैसे धागा, सुई, काज-बटन आदि खरीदती हैं, जिससे उनके काम की निरंतरता बनी रहती है और आय का स्रोत भी मजबूत होता जा रहा है।
भगवती साहू बताती हैं कि उनके पति रज्जन साहू किसान हैं और खेती-किसानी के माध्यम से परिवार का भरण-पोषण करते हैं। परिवार बड़ा होने के कारण खर्च भी अधिक रहता था। ऐसे में करीब तीन वर्ष पहले उन्होंने सिलाई का काम शुरू किया, ताकि परिवार की आर्थिक स्थिति को मजबूत किया जा सके। शुरुआत में संसाधनों की कमी और आर्थिक परेशानियों के कारण कई बार कठिनाइयों का सामना करना पड़ा, लेकिन उन्होंने हिम्मत नहीं हारी।
वे भावुक होकर बताती हैं कि एक समय ऐसा भी था जब छोटी-छोटी जरूरतों को पूरा करने के लिए भी काफी सोचना पड़ता था। लेकिन अब सिलाई के काम से होने वाली आय और महतारी वंदन योजना से मिलने वाली आर्थिक सहायता ने उनके जीवन में आत्मविश्वास और सम्मान की नई भावना जगाई है। सिलाई के माध्यम से वे अपने घर की छोटी-बड़ी जरूरतों को पूरा करने के साथ-साथ परिवार की आर्थिक स्थिति को भी मजबूत बना रही हैं।
आज भगवती साहू अपने हुनर और मेहनत के दम पर गांव में एक अलग पहचान बना चुकी हैं। उनके चेहरे की खुशी और काम के प्रति उनका समर्पण यह दर्शाता है कि महतारी वंदन योजना केवल आर्थिक मदद ही नहीं, बल्कि महिलाओं के सपनों को साकार करने का एक सशक्त माध्यम बन रही है।
कोरदा जैसे छोटे से गांव में रहते हुए भी भगवती साहू अपने सिलाई कौशल और आत्मनिर्भरता के बल पर सफलता की नई ऊंचाइयों को छू रही हैं। उन्होंने इस योजना के लिए छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस योजना से महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने की नई राह मिली है।

सह संपादक

Share this content:

Leave a Comment