महासमुंद पुलिस की नई पहल “संवाद”, अब व्हाट्सएप पर दर्ज होगी शिकायत और गुप्त सूचना

TEJASWI NATH SONI

March 18, 2026

AI आधारित सिस्टम से होगी शिकायतों की मॉनिटरिंग, लोगों और पुलिस के बीच संवाद होगा आसान

महासमुंद, 18 मार्च 2026। महासमुंद पुलिस ने आम नागरिकों की शिकायतों और सूचनाओं के त्वरित समाधान के लिए एक नई पहल “संवाद” की शुरुआत की है। यह व्यवस्था कांकेर पुलिस के “शिकायत हेल्प डेस्क” अभियान की तर्ज पर जिले में लागू की जा रही है।

इस नई व्यवस्था के तहत अब नागरिक व्हाट्सएप के माध्यम से अपनी शिकायत या अवैध गतिविधियों से संबंधित गुप्त सूचना सीधे पुलिस को भेज सकेंगे। इसके लिए पुलिस द्वारा मोबाइल नंबर 9479229939 जारी किया गया है।

ऐसे करें शिकायत दर्ज

नागरिक व्हाट्सएप पर “Hi”, “Hello”, “नमस्ते” या “हेल्प” जैसे कोई भी ग्रीटिंग संदेश भेजकर चैट की शुरुआत कर सकते हैं। इसके बाद उन्हें स्वतः दो विकल्प प्राप्त होंगे—

शिकायत दर्ज करें

अवैध गतिविधियों की गुप्त सूचना दें

AI आधारित सिस्टम से होगा काम

“संवाद” हेल्प डेस्क पूरी तरह AI आधारित ऑटोमेटिक रिस्पॉन्स सिस्टम पर कार्य करेगा। प्राप्त शिकायतों को स्वतः 10 श्रेणियों में तथा गुप्त सूचनाओं को 4 श्रेणियों में विभाजित कर संबंधित थाना क्षेत्रों को भेजा जाएगा।

इसके साथ ही एक डैशबोर्ड के माध्यम से रियल टाइम मॉनिटरिंग की व्यवस्था भी की गई है, जिससे शिकायतों की प्रगति पर नजर रखी जा सकेगी।

शिकायत की स्थिति भी मिलेगी ऑनलाइन

इस सेवा के माध्यम से नागरिक अपनी शिकायत की अद्यतन स्थिति भी व्हाट्सएप पर ही प्राप्त कर सकेंगे। हालांकि एक मोबाइल नंबर से 7 दिनों के भीतर केवल एक ही शिकायत दर्ज की जा सकेगी।

महासमुंद पुलिस का मानना है कि इस पहल से आम जनता और पुलिस के बीच संवाद और भी अधिक आसान, पारदर्शी और प्रभावी होगा।

District Bureau Chief BALODA BAZAR

Share this content:

Leave a Comment