कोरबा में लोनर हाथी की दहशत, वन विभाग अलर्ट — ड्रोन से की जा रही सतत निगरानी

TEJASWI NATH SONI

December 21, 2025

कोरबा/ कोरबा वनमंडल क्षेत्र में एक लोनर (अकेला) हाथी की मौजूदगी से ग्रामीण क्षेत्रों में दहशत का माहौल बना हुआ है। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए वन विभाग पूरी तरह अलर्ट मोड पर है और हाथी की गतिविधियों पर थर्मल ड्रोन कैमरे के माध्यम से लगातार निगरानी की जा रही है।

वनमंडलाधिकारी प्रेमलता यादव ने जानकारी दी कि यह लोनर हाथी वर्तमान में बालको बीट क्षेत्र में सक्रिय है। उल्लेखनीय है कि हाल ही में कटघोरा वनमंडल क्षेत्र में हाथी के हमले से दो लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि शुक्रवार सुबह बालको क्षेत्र में भी एक व्यक्ति की जान गई है। इन घटनाओं के बाद वन विभाग ने निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था को और सख्त कर दिया है।

इसके साथ ही, कुदमुरा, करतला और पसर खेत क्षेत्र में लगभग 15 हाथियों का एक दल भी विचरण कर रहा है, जिसकी गतिविधियों पर भी ड्रोन के माध्यम से सतत नजर रखी जा रही है। वन अमला संभावित जोखिम वाले इलाकों में विशेष सतर्कता बरत रहा है।

ग्रामीणों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए गांव-गांव मुनादी कराई जा रही है तथा लोगों से जंगल की ओर न जाने और सतर्क रहने की अपील की गई है। वहीं, एहतियातन पर्यटकों की आवाजाही पर रोक लगाते हुए बालको रेंज के अजगर बहार एवं बालको बैरियर को सील कर दिया गया है।

वन विभाग ने आमजन से अपील की है कि हाथी दिखने की स्थिति में तुरंत वन विभाग या संबंधित अधिकारियों को सूचना दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।

District Bureau Chief BALODA BAZAR

Share this content:

Leave a Comment