कोरबा, 19 दिसम्बर 2025/ जिले के बांगो थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत कछार में एक वृद्ध के शव को दफनाने को लेकर भूमि विवाद उत्पन्न हो गया, जिसके कारण अंतिम संस्कार की प्रक्रिया लगभग चार घंटे तक बाधित रही। विवाद के चलते गांव में कुछ समय के लिए तनाव की स्थिति भी निर्मित हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम कछार निवासी भोंदल यादव (उम्र 60 वर्ष) के निधन के पश्चात परिजन शव को अंतिम संस्कार के लिए गांव के बाहर स्थित भूमि पर लेकर पहुंचे थे। इसी दौरान गांव के ही निवासी धानी प्रसाद धनवार ने उक्त भूमि को अपनी निजी स्वामित्व की बताते हुए शव दफनाने पर आपत्ति जताई। इस बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच तीखी नोकझोंक हो गई, जिसके चलते अंतिम संस्कार रोकना पड़ा।
घटना की सूचना मिलते ही डायल-112 एवं बांगो थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाइश दी और स्थिति को नियंत्रित किया। आपसी सहमति बनने के बाद ही मृतक का अंतिम संस्कार संपन्न कराया जा सका।
पुलिस ने दोनों पक्षों को भविष्य में किसी भी प्रकार के विवाद से बचने के लिए भूमि सीमांकन कराने की सलाह दी है। फिलहाल गांव में स्थिति शांतिपूर्ण बनी हुई है और किसी प्रकार की अप्रिय घटना की सूचना नहीं है।