मां महामाया की आराधना में सराबोर लच्छनपुर: महाष्टमी पर हवन एवं ज्योत-जंवारा पूजन, दूसरे दिन श्रद्धा के साथ निकला जंवारा विसर्जन

TOSHAN PRASAD CHOUBEY

March 27, 2026


लच्छनपुर। चैत्र नवरात्रि के पावन पर्व पर ग्राम लच्छनपुर पूर्णतः भक्ति और श्रद्धा के वातावरण में सराबोर दिखाई दिया। श्री राम-जानकी मंदिर परिसर स्थित महामाया मंदिर में महाष्टमी के अवसर पर ज्योत-जंवारा पूजन एवं हवन का आयोजन किया गया। वैदिक मंत्रोच्चार और “जय माता दी” के जयघोष के बीच विधि-विधानपूर्वक पूजा सम्पन्न हुई। हवन के दौरान ग्राम की शांति, सुरक्षा तथा सुख-समृद्धि के लिए विशेष संकल्प लिया गया।

पूजा-अनुष्ठान का संचालन पंडित गेंदलाल चौबे द्वारा विधिवत कराया गया। इस अवसर पर ग्राम सरपंच भूपेंद्र साहू अपनी धर्मपत्नी के साथ यजमान के रूप में हवन-पूजन में उपस्थित रहे। मंदिर के पुजारी महंत परमानंद वैष्णव भी कार्यक्रम में सम्मिलित होकर श्रद्धालुओं के साथ पूजा में सहभागी बने।

धार्मिक आयोजन में शत्रुघ्न पटेल, मनहरण साहू, गीता दत्त, रामजी साहू, चैनू साहू, चतुर साहू, पुनाराम रजक, गोविंद साहू, राजाराम फेकर सहित बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित रहे। मंदिर परिसर में सम्पूर्ण समय भक्ति, श्रद्धा और उत्साह का वातावरण बना रहा।

दूसरे दिन ग्राम में पारंपरिक ज्योत-जंवारा विसर्जन का आयोजन किया जा रहा है। महिलाएं श्रद्धा के साथ सिर पर ज्योत-कलश और जंवारा धारण कर ग्राम की गलियों से होते हुए तालाब की ओर विसर्जन के लिए प्रस्थान कर रही हैं। इस दौरान ग्रामवासी जंवारा के अंतिम दर्शन के लिए मार्गों पर उपस्थित होकर श्रद्धापूर्वक दर्शन कर रहे हैं।

जैसे-जैसे जंवारा और ज्योत-कलश ग्राम की गलियों से गुजरते हैं, लोग अपने घर-द्वार पर पहुंचकर उनका दर्शन करते हुए पूजा-अर्चना कर रहे हैं। मांदर की थाप, माता के जयघोष तथा श्रद्धालुओं द्वारा गाए जा रहे भजन, जस और देवी-गीतों से सम्पूर्ण ग्राम भक्तिमय वातावरण में डूबा हुआ दिखाई दे रहा है।

प्रबंध संपादक (Managing Editor)

Share this content:

Leave a Comment