विष्णु कुमार यादव, जिला ब्यूरो चीफ
तीन दिन में निराकरण नहीं तो आंदोलन की चेतावनी
कोरबा (सुघर गांव)। जिले के पाली विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत जोरहाडबरी में सार्वजनिक वितरण प्रणाली (पीडीएस) के तहत चावल का अधूरा आबंटन गंभीर चिंता का विषय बन गया है। जनवरी और फरवरी 2026 में कुल 282 क्विंटल चावल का आबंटन निर्धारित था, किंतु उचित मूल्य दुकान क्रमांक 552004072 में केवल 122.98 क्विंटल ही पहुंच सका।
जानकारी के अनुसार जनवरी माह में 141 क्विंटल के विरुद्ध 59.33 क्विंटल तथा फरवरी में 141 क्विंटल के विरुद्ध 63.65 क्विंटल चावल प्राप्त हुआ। इस प्रकार दोनों माह में 78-78 क्विंटल, कुल 156 क्विंटल चावल शेष रहने से सैकड़ों हितग्राही पूर्ण राशन से वंचित रह गए हैं।
सरपंच चन्द्रलेखा सिंह मरकाम ने कहा कि “पीडीएस गरीब परिवारों की जीवनरेखा है, शेष 156 क्विंटल चावल का तत्काल आबंटन किया जाए।” उपसरपंच सावन ने चेतावनी दी कि लगातार लापरवाही से ग्रामीणों में आक्रोश बढ़ रहा है और प्रशासन को शीघ्र हस्तक्षेप करना चाहिए।
जनपद पंचायत पाली के सभापति कमलेश कुर्रे ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और जिम्मेदार अधिकारियों पर कठोर कार्रवाई की मांग की है। जनप्रतिनिधियों ने स्पष्ट किया है कि यदि तीन दिवस के भीतर शेष चावल का भंडारण नहीं किया गया तो हरदी बाजार–बलौदा मुख्य मार्ग पर अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।