होली के दौरान करमदा में चाकू से हमला: सिटी कोतवाली पुलिस ने मुख्य आरोपी को किया गिरफ्तार

TEKRAM KOSLE

March 6, 2026

रिपोर्टर टेकराम कोसले

बलौदाबाजार, 5 मार्च 2026। होली पर्व के दौरान ग्राम करमदा में हुई गंभीर मारपीट और चाकूबाजी की घटना में सिटी कोतवाली पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर युवक पर चाकू से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया था। पुलिस मामले में फरार अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।
मोटरसाइकिल चलाने को लेकर हुआ विवाद, युवक पर किया हमला
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार प्रार्थी द्वारा दर्ज रिपोर्ट में बताया गया कि 4 मार्च 2026 को आहत कुशल ध्रुव अपने दोस्तों के साथ होली पर्व मनाकर पैदल घर लौट रहा था। इसी दौरान बाजार चौक, ग्राम करमदा के पास आरोपी विकास ध्रुव अपने अन्य साथियों के साथ लापरवाहीपूर्वक मोटरसाइकिल चलाते हुए वहां पहुंचा।
जब कुशल ध्रुव ने मोटरसाइकिल ठीक से चलाने की बात कही, तो आरोपी विकास ध्रुव और उसके साथियों ने नाराज होकर उसे जान से मारने की धमकी दी और अश्लील गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी।
चाकू से किया हमला, युवक अस्पताल में भर्ती
मारपीट के दौरान आरोपी ने अपने पास रखे चाकू से कुशल ध्रुव पर वार कर दिया, जिससे उसे गंभीर चोटें आईं। घटना के बाद घायल युवक को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका उपचार जारी है।
पुलिस ने दर्ज किया मामला
घटना की रिपोर्ट पर सिटी कोतवाली थाना में अपराध क्रमांक 186/2026 के तहत धारा 296, 118(1), 351(2) बीएनएस तथा 25, 27 आर्म्स एक्ट के अंतर्गत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
एसपी के निर्देशन में त्वरित कार्रवाई
पुलिस अधीक्षक श्रीमती भावना गुप्ता के निर्देशन में सिटी कोतवाली पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी विकास ध्रुव (20 वर्ष), निवासी ग्राम करमदा को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर कुशल ध्रुव के साथ मारपीट करने और चाकू से हमला करने की बात स्वीकार कर ली।
आरोपी को न्यायालय में किया जाएगा पेश
पुलिस ने आरोपी को 5 मार्च 2026 को विधिवत गिरफ्तार कर लिया है और उसे माननीय न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया की जा रही है।
अन्य आरोपी फरार, तलाश जारी
पुलिस के अनुसार इस घटना में शामिल अन्य आरोपी अभी फरार हैं, जिनकी सरगर्मी से तलाश की जा रही है। मामले की विवेचना जारी है।

सह संपादक

Share this content:

Leave a Comment