कसडोल, 18 दिसंबर 2025/ पुलिस अधीक्षक श्रीमती भावना गुप्ता के निर्देशन में जिले में संचालित महत्वाकांक्षी “समाधान सेल” एक बार फिर अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने में कारगर साबित हुई है। समाधान सेल में प्राप्त सूचना के आधार पर थाना कसडोल पुलिस ने अवैध रूप से शराब बिक्री करने वाले एक आरोपी को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार दिनांक 17 दिसंबर 2025 को समाधान सेल हेल्पलाइन पर सूचना मिली कि ग्राम सेमरिया में एक व्यक्ति अवैध रूप से शराब की बिक्री कर रहा है। सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए थाना कसडोल की पुलिस टीम ने ग्राम सेमरिया में घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ लिया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से ₹12,640 कीमत मूल्य की 97 नग अंग्रेजी गोवा शराब तथा 10 लीटर हाथ भट्ठी महुआ शराब जब्त की है। आरोपी के विरुद्ध थाना कसडोल में धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विधिवत गिरफ्तार किया गया है तथा उसे माननीय न्यायालय में प्रस्तुत करने की प्रक्रिया की जा रही है।
गिरफ्तार आरोपी का विवरण
-
नाम: सिलउराम केंवट
-
उम्र: 60 वर्ष
-
निवासी: ग्राम सेमरिया, थाना कसडोल
पुलिस प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि, अपराध या असामाजिक तत्वों से संबंधित सूचना समाधान सेल हेल्पलाइन नंबर 94792 20392 पर कॉल या व्हाट्सएप के माध्यम से साझा करें। सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।
समाधान सेल के माध्यम से लगातार हो रही सफल कार्रवाइयों से क्षेत्र में अवैध शराब कारोबार पर प्रभावी रोक लग रही है और कानून-व्यवस्था सुदृढ़ हो रही है।