बलौदाबाजार, 19 दिसम्बर 2025/
कलेक्टर दीपक सोनी के निर्देशानुसार जिले में अवैध धान भंडारण एवं परिवहन पर प्रभावी नियंत्रण के लिए राजस्व विभाग, खाद्य विभाग एवं मंडी की संयुक्त टीम द्वारा लगातार सख्त निगरानी और कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में शुक्रवार को तहसील लवन एवं भाटापारा क्षेत्र में की गई संयुक्त कार्रवाई में कुल 275 बोरी अवैध धान जब्त किया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार तहसील लवन अंतर्गत ग्राम अहिल्दा में जांच के दौरान फुटकर व्यापारी कमल साहू के पास से 160 बोरी, हरिराम साहू के पास से 54 बोरी एवं हेतराम साहू के पास से 28 बोरी धान अवैध रूप से संग्रहित पाया गया। इस प्रकार कुल 242 बोरी धान को जब्त कर सील किया गया तथा ग्राम कोटवार को सुपुर्द किया गया।
इसी प्रकार तहसील भाटापारा अंतर्गत ग्राम पौंसरी में संयुक्त टीम द्वारा जांच के दौरान सनथ किराना में रखी गई 33 बोरी धान के संबंध में कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जाने पर उक्त धान को भी अवैध मानते हुए जब्त कर ग्राम कोटवार के सुपुर्द किया गया।
इस कार्रवाई में एसडीएम बलौदाबाजार प्रकाश कोरी, तहसीलदार पेखन टोंड्रे, नायब तहसीलदार अभिषेक अग्रवाल सहित मंडी विभाग के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध धान के भंडारण एवं परिवहन के विरुद्ध आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।