*बलौदाबाजार-भाटापारा | 05 फरवरी 2026
राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह–2026 के तहत रायपुर–सारंगढ़ सड़क मार्ग पर बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से यातायात पुलिस बलौदाबाजार-भाटापारा द्वारा संयुक्त निरीक्षण किया गया। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक श्रीमती भावना गुप्ता के निर्देश पर तथा उप पुलिस अधीक्षक (यातायात) श्री संजय कुमार साहु के नेतृत्व में संपन्न हुई।
निरीक्षण रायपुर–सारंगढ़ सड़क मार्ग क्रमांक 130बी पर किया गया, जहां विगत तीन वर्षों (2023, 2024 एवं 2025) में घटित सड़क दुर्घटनाओं के आधार पर भारत सरकार के सड़क परिवहन एवं राष्ट्रीय राजमार्ग मंत्रालय द्वारा चिन्हित ब्लैक स्पॉट एवं ग्रे स्पॉट का गहन अवलोकन किया गया। विशेष रूप से घोटिया मोड़, गोडा पुल, डोटोपार चौक, हडहा चौक कसडोल तथा गिधौरी चौक जैसे संवेदनशील क्षेत्रों का बारीकी से निरीक्षण किया गया।
इस संयुक्त निरीक्षण में पुलिस विभाग के साथ राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI), लोक निर्माण विभाग (PWD) एवं परिवहन विभाग (RTO) के अधिकारी उपस्थित रहे। टीम में डी.एस. ठाकुर (सब इंजीनियर), श्रवण ध्रुव (परिवहन विभाग) तथा मनोज मांडले (आई-रेड प्रभारी) शामिल रहे।
निरीक्षण के दौरान दुर्घटनाओं के प्रमुख कारणों को चिन्हित करते हुए तकनीकी दृष्टिकोण से आवश्यक सुधारों पर जोर दिया गया। इनमें सड़क संरचना में आवश्यक बदलाव, संकेतक बोर्डों की स्थापना, रोड डायवर्जन, प्रकाश व्यवस्था में सुधार, रोड मार्किंग पेंट, बुल नोज, रम्बल स्ट्रिप, सोलर स्टड तथा पोलार्ड पाइप को दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए। संबंधित विभागों को इन सुधार कार्यों को अविलंब पूर्ण कराने के लिए कहा गया है।
इसके साथ ही सड़क पर नो-पार्किंग जोन में वाहन खड़े करने वाले चालकों के विरुद्ध सख्त एवं प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश संबंधित थाना प्रभारियों को दिए गए हैं। निरीक्षण के दौरान थाना पलारी, कसडोल एवं गिधौरी की पुलिस टीम भी उपस्थित रही।
यातायात पुलिस द्वारा सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने हेतु इस प्रकार के लगातार प्रयास आगे भी जारी रहेंगे।