आईएसईआई एक्सीलेंस प्रोग्राम 2025 की तिथि घोषित, 10 जनवरी को रायपुर में होगा भव्य आयोजन

TEJASWI NATH SONI

January 2, 2026

इंस्टीट्यूशन ऑफ सेफ्टी इंजीनियर्स (इंडिया) द्वारा आईएसईआई एक्सीलेंस प्रोग्राम 2025 का आयोजन आगामी 10 जनवरी 2026 (शनिवार) को प्रातः 9:00 बजे से होटल बेबीलॉन इंटरनेशनल, वीआईपी रोड, रायपुर में किया जाएगा। कार्यक्रम की तैयारियां अंतिम चरण में हैं और इसे सुरक्षा, स्वास्थ्य, पर्यावरण एवं आपदा जोखिम न्यूनीकरण के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्यों को प्रोत्साहित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।

इस प्रतिष्ठित आयोजन में देश के विभिन्न राज्यों से शासन-प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी, उद्योग जगत के विशेषज्ञ, सेफ्टी प्रोफेशनल्स, शिक्षाविद, तकनीकी विशेषज्ञ एवं विभिन्न संस्थानों के प्रतिनिधि भाग लेंगे। कार्यक्रम के दौरान विशेषज्ञ सत्र, तकनीकी प्रस्तुतियां, विचार-विमर्श तथा आईएसईआई एक्सीलेंस अवॉर्ड्स प्रदान किए जाएंगे।

संस्था के सह-निदेशक डॉ. एम.एस. नवाज ने जानकारी देते हुए बताया कि इस कार्यक्रम के माध्यम से उन व्यक्तियों और संस्थाओं को सम्मानित किया जाएगा, जिन्होंने दुर्घटनाओं की रोकथाम, सुरक्षित कार्य वातावरण, आपदा जोखिम नियंत्रण और जीवन सुरक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान दिया है। उन्होंने बताया कि इस अवसर पर यातायात पुलिस, स्वास्थ्यकर्मी, अग्निशमन एवं जीवन सुरक्षा कर्मी, निर्माण स्थल सुरक्षा से जुड़े कर्मचारी, सफाई कर्मचारी सहित विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वालों को विशेष रूप से सम्मानित किया जाएगा।

संस्था के चेयरमैन डॉ. एस. रामपुरी ने बताया कि कार्यक्रम में संस्था द्वारा विगत वर्षों में दुर्घटनाओं को रोकने, सुरक्षित कार्य संस्कृति को बढ़ावा देने और पर्यावरण संरक्षण के लिए किए गए प्रयासों को साझा किया जाएगा। साथ ही देशभर से आए प्रतिष्ठित वक्ता सुरक्षा, स्वास्थ्य, पर्यावरण एवं आपदा प्रबंधन जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर अपने विचार और अनुभव साझा करेंगे।

आयोजकों के अनुसार, आईएसईआई एक्सीलेंस प्रोग्राम प्रत्येक वर्ष आयोजित किया जाता है और इसका उद्देश्य समाज में सुरक्षित जीवन शैली, हरित पर्यावरण और दुर्घटना मुक्त कार्य संस्कृति को बढ़ावा देना है। इस वर्ष का आयोजन भी सुरक्षा क्षेत्र से जुड़े सभी हितधारकों के लिए ज्ञानवर्धक और प्रेरणादायक सिद्ध होने की उम्मीद है।

District Bureau Chief BALODA BAZAR

Share this content:

Leave a Comment