सीमांत व छोटे किसानों को टोकन में प्राथमिकता देने के निर्देश कलेक्टर ने धान खरीदी व्यवस्था को लेकर समिति प्रबंधकों की ऑनलाइन समीक्षा बैठक ली

TEJASWI NATH SONI

December 13, 2025

बलौदाबाजार, 13 दिसम्बर 2025/

कलेक्टर दीपक सोनी ने शनिवार को संपर्क केंद्र से समिति प्रबंधकों एवं कम्प्यूटर ऑपरेटरों की ऑनलाइन बैठक लेकर जिले में धान खरीदी की प्रगति की समीक्षा की। बैठक में उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि धान खरीदी के दौरान छोटे एवं सीमांत किसानों को समिति स्तर पर टोकन काटने में प्राथमिकता दी जाए, ताकि उन्हें किसी प्रकार की असुविधा न हो।

 

कलेक्टर ने कहा कि उपार्जन केंद्रों एवं समितियों में किसानों को सुचारू एवं पारदर्शी सुविधा उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने रकबा समर्पण की स्थिति की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि किसानों से सहमति लेकर प्रतिदिन रकबा समर्पण की ऑनलाइन प्रविष्टि अनिवार्य रूप से की जाए। कम रकबा समर्पण वाली समितियों—छेछर, गुमा, कोसमंदी एवं निपानिया—के प्रबंधकों और ऑपरेटरों को विशेष रूप से इस दिशा में सक्रिय रहने के निर्देश दिए गए।

 

कलेक्टर ने प्रतिदिन किसान एवं वाहन की फोटो अपलोडिंग समय पर एप में करने पर जोर देते हुए कहा कि जिन समितियों में 80 प्रतिशत से अधिक फोटो अपलोडिंग होगी, उनकी खरीदी सीमा बढ़ाई जाएगी। साथ ही उपार्जन केंद्रों में स्थल विस्तार हेतु प्रस्ताव भेजने के निर्देश दिए, ताकि धान भंडारण के लिए पर्याप्त स्थान उपलब्ध हो सके।

 

धान उठाव की समीक्षा करते हुए उन्होंने हमालों की संख्या बढ़ाने, ट्रकों की जीपीएस सिस्टम से निगरानी करने तथा उड़नदस्ता टीम को भी जीपीएस एक्सेस उपलब्ध कराने के निर्देश दिए, जिससे किसी भी प्रकार की अनियमितता पर त्वरित कार्रवाई की जा सके।

 

कलेक्टर ने यह भी निर्देशित किया कि धान विक्रय के बाद किसानों को समिति में ही राशि आहरण की सुविधा देने हेतु सभी समितियों में माइक्रो एटीएम की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने बिचौलियों एवं कोचियों द्वारा अवैध धान खपाने की किसी भी कोशिश को विफल करने के लिए सतर्कता बरतने तथा गोपनीय सूचनाएं प्रशासन को देने के निर्देश दिए।

 

इसके साथ ही संभावित बारिश को देखते हुए उपार्जन केंद्रों में धान को भीगने से बचाने के लिए ड्रेनेज, त्रिपाल एवं कैप कवर की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी कलेक्टर ने दिए।

District Bureau Chief BALODA BAZAR

Share this content:

Leave a Comment