महासमुंद में बोर्ड परीक्षा का निरीक्षण: कलेक्टर ने स्कूलों का किया भ्रमण

MOTI LAL

February 26, 2026

लोकनाथ खुंटे, रायपुर संभाग ब्यूरो

महासमुंद, 26 फरवरी 2026। छत्तीसगढ़ सहित महासमुंद जिले में शैक्षणिक सत्र 2025-26 के अंतर्गत हाई स्कूल एवं हायर सेकेंडरी बोर्ड परीक्षा का आयोजन छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा निर्धारित समय-सारणी के अनुसार किया जा रहा है। जिले में इस वर्ष 254 शासकीय एवं अशासकीय विद्यालयों के कक्षा 10वीं के 12,839 विद्यार्थी तथा 168 विद्यालयों के कक्षा 12वीं के 10,724 विद्यार्थी कुल 115 परीक्षा केंद्रों के माध्यम से परीक्षा में शामिल हो रहे हैं। कक्षा 10वीं एवं 12वीं की वार्षिक परीक्षाएं जारी हैं।

कलेक्टर विनय कुमार लंगेह ने आज परीक्षा व्यवस्था का जायजा लेने महासमुंद स्थित स्वामी आत्मानंद हिन्दी माध्यम विद्यालय, शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल बेलसोंडा एवं शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल बिरकोनी का भ्रमण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने परीक्षा केंद्रों में अनुशासन, शांति व्यवस्था, पर्यवेक्षकों की उपस्थिति, प्रश्न पत्रों की गोपनीयता तथा सुरक्षा प्रबंधों का बारीकी से अवलोकन किया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

कलेक्टर ने यह भी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए कि विद्यार्थियों को परीक्षा के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो तथा सभी व्यवस्थाएं समय पर पूर्ण रहें।

निरीक्षण के दौरान शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल बिरकोनी में 70 प्रतिशत लो-विजन दिव्यांगता से पीड़ित परीक्षार्थी कु. आस्था पांडेय, जो सह-लेखक कु. केशरी निषाद के माध्यम से परीक्षा दे रही हैं, का भी अवलोकन किया गया। कलेक्टर ने दिव्यांग विद्यार्थियों को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश देते हुए कहा कि जिले में बोर्ड परीक्षाओं का संचालन पूरी पारदर्शिता, निष्पक्षता एवं अनुशासन के साथ किया जा रहा है।

उन्होंने सभी परीक्षार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए आत्मविश्वास एवं लगन के साथ परीक्षा देने का संदेश दिया। इस अवसर पर जिला शिक्षा अधिकारी विजय कुमार लहरे एवं डीएमसी रेखराज शर्मा उपस्थित थे।

प्रधान संपादक

Share this content:

Leave a Comment