सिरपुर पर्यटन को नई दिशा देने की पहल आईआईटीटीएम ग्वालियर में 17 स्थानीय गाइडों का विशेष प्रशिक्षण प्रारंभ

SARJU PRASAD SAHU

January 10, 2026

रायपुर। 10 जनवरी 2026 सिरपुर विशेष क्षेत्र विकास प्राधिकरण (साडा) की पहल पर सिरपुर के 17 स्थानीय पर्यटन गाइडों को एक माह के विशेष आवासीय प्रशिक्षण के लिए भारतीय पर्यटन एवं यात्रा प्रबंधन संस्थान (आईआईटीटीएम), ग्वालियर भेजा गया है। यह प्रशिक्षण कार्यक्रम सिरपुर जैसे महत्वपूर्ण ऐतिहासिक एवं पुरातात्विक स्थल पर पर्यटन को अधिक सुदृढ़, व्यवस्थित और पेशेवर स्वरूप देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

प्रशिक्षण कार्यक्रम का औपचारिक शुभारंभ आईआईटीटीएम ग्वालियर के निदेशक द्वारा किया गया। इस अवसर पर उन्होंने प्रतिभागी गाइडों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि प्रशिक्षित स्थानीय गाइड किसी भी पर्यटन स्थल की पहचान और प्रतिष्ठा को नई ऊंचाइयों तक ले जाने में अहम भूमिका निभाते हैं।

यह विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम विरासत पर्यटन, गाइडिंग स्किल्स, आगंतुक प्रबंधन, स्टोरी टेलिंग, सांस्कृतिक व्याख्या (कल्चरल इंटरप्रिटेशन) और जिम्मेदार पर्यटन जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर केंद्रित है। कार्यक्रम को सिरपुर की विशिष्ट पर्यटन आवश्यकताओं और संभावनाओं को ध्यान में रखते हुए तैयार किया गया है, ताकि प्रशिक्षण उपरांत गाइड अपने क्षेत्र में लौटकर पर्यटकों को तथ्यपरक, रोचक और समृद्ध अनुभव प्रदान कर सकें।

प्रशिक्षण पूर्ण होने के बाद सिरपुर में पर्यटन से जुड़ी नई पहलों के शुभारंभ की भी योजना छत्तीसगढ़ शासन द्वारा बनाई जा रही है। इससे न केवल पर्यटन गतिविधियों को गति मिलेगी, बल्कि स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार और आजीविका के नए अवसर भी सृजित होंगे।

उल्लेखनीय है कि सिरपुर एक प्राचीन पुरातात्विक एवं बौद्ध विरासत स्थल है, जो मध्य भारत में बौद्ध शिक्षा का प्रमुख केंद्र रहा है। ऐतिहासिक अभिलेखों के अनुसार, यहां कभी 100 से अधिक विहार थे, जिनमें लगभग 10 हजार बौद्ध भिक्षु शिक्षा प्राप्त करते थे। ऐसे ऐतिहासिक स्थल पर प्रशिक्षित स्थानीय गाइडों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण मानी जाती है।

सिरपुर विशेष क्षेत्र विकास प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री धम्मशील गणवीर ने बताया कि राज्य में हेरिटेज पर्यटन को बढ़ावा देने, स्थानीय सहभागिता सुनिश्चित करने तथा सिरपुर को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय पर्यटन मानचित्र पर स्थापित करने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।

सह संपादक

Share this content:

Leave a Comment