भीषण गर्मी में स्काउट-गाइड बच्चों की पहल, ग्राम चरौदा में तीन जगह प्याऊ घर शुरू, राहगीरों को ठंडा पानी पिलाकर पेश की सेवा की मिसाल

TOSHAN PRASAD CHOUBEY

March 19, 2026

भीषण गर्मी और तेज धूप के बीच ग्राम चरौदा में भारत स्काउट-गाइड के बच्चों ने सेवा की मिसाल पेश की है। बढ़ते तापमान और लू जैसे हालात को देखते हुए बच्चों ने गांव के तीन अलग-अलग स्थानों पर प्याऊ घर शुरू किए, ताकि राहगीरों और आम लोगों को इस तपती गर्मी में ठंडा पानी आसानी से मिल सके और उन्हें राहत मिल सके।

प्याऊ घर का शुभारंभ जनपद सभापति नीलिमा चरण दास कोसले की मौजूदगी में किया गया। इस मौके पर ग्राम सरपंच लोकेश्वरी लोकनाथ जायसवाल, उपसरपंच मिथलेश जायसवाल, साला विकास समिति अध्यक्ष भानसिंह ध्रुव, थाना से एएसआई बारीक, स्काउट-गाइड प्रभारी नेहा उपाध्याय, पटेल, नीलेश्वरी, मंजू जायसवाल सहित बड़ी संख्या में स्काउट-गाइड के बच्चे मौजूद रहे।

कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों ने बच्चों की सेवा भावना की खुलकर सराहना की। उनका कहना था कि जब तेज धूप और गर्म हवाएं लोगों को परेशान कर रही हैं, ऐसे समय में राहगीरों को ठंडा पानी उपलब्ध कराना बेहद सराहनीय और मानवीय पहल है।

स्काउट-गाइड के बच्चों ने पूरे उत्साह के साथ राह चलते लोगों को पानी पिलाकर सेवा का संदेश दिया। स्थानीय लोगों ने भी इस पहल की तारीफ करते हुए कहा कि इस भीषण गर्मी में यह व्यवस्था लोगों के लिए बड़ी राहत साबित हो रही है और बच्चों का यह प्रयास समाज के लिए प्रेरणा है।

सह संपादक

Share this content:

Leave a Comment