बसना में पत्रकारों के खिलाफ अभद्र टिप्पणी से मचा बवाल, एसपी से शिकायत कर सख्त कार्रवाई की मांग कुंजराम यादव, बसना रिपोर्टर

TEJASWI NATH SONI

February 20, 2026

बसना। बसना थाना क्षेत्र में पत्रकारों के खिलाफ सोशल मीडिया पर की गई अभद्र एवं आपत्तिजनक टिप्पणी का मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है। घटना से आक्रोशित पत्रकारों ने पहले थाना में शिकायत दर्ज कराई, लेकिन कार्रवाई नहीं होने से नाराज पत्रकारों ने सामूहिक रूप से पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर ज्ञापन सौंपा और दोषी के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की।

जानकारी के अनुसार 6 फरवरी को हरिश्चंद्र दास पिता सर्वजीत दास द्वारा सोशल मीडिया पर जारी एक वीडियो एवं पोस्ट में पत्रकारों के लिए अशोभनीय भाषा का प्रयोग किया गया। पोस्ट में पत्रकारों को “दलाल” और “फर्जी पत्रकार” जैसे शब्दों से संबोधित किया गया, जिससे पत्रकार समुदाय में आक्रोश फैल गया।

घटना के विरोध में बसना क्षेत्र के पत्रकारों ने उसी दिन थाना पहुंचकर लिखित शिकायत देते हुए एफआईआर दर्ज करने की मांग की थी। पत्रकारों का आरोप है कि शिकायत के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। उनका कहना है कि थाना प्रभारी द्वारा केवल धारा 107/116 के तहत कार्रवाई की बात कही जा रही है, जबकि मूल शिकायत पर विधिसम्मत अपराध दर्ज नहीं किया गया।

थाना स्तर पर कार्रवाई नहीं होने से आक्रोशित पत्रकारों ने महासमुंद स्थित पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की गई, ताकि भविष्य में पत्रकारों की गरिमा के साथ इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

इस दौरान संघ के प्रदेश अध्यक्ष सेवक दास दीवान, प्रदेश सचिव आर.के. दास, ब्लॉक अध्यक्ष अरुण साहू, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य प्रकाश सिंहा एवं उत्तर कौशिक, जिला अध्यक्ष गेंददास मानिकपुरी, उपाध्यक्ष अभय द्वितलहरे, जिला उपाध्यक्ष प्रकाश पटेल एवं इब्राहिम कादरी, ब्लॉक सचिव बसंत साहू, संगठन सचिव फिरोज खान, ब्लॉक मीडिया प्रभारी दीपक जगत सहित बड़ी संख्या में पत्रकार उपस्थित रहे।

पत्रकारों ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र ही उचित कार्रवाई नहीं की गई, तो वे लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन करने को बाध्य होंगे। उनका कहना है कि पत्रकार समाज की आवाज है और उसकी गरिमा के साथ किसी भी प्रकार की अभद्रता स्वीकार्य नहीं है।

सह संपादक

Share this content:

Leave a Comment