कोरबा। 6 जनवरी 2025 सक्षम जिला इकाई कोरबा द्वारा कोसाबाड़ी स्थित संवेदना ब्लड बैंक परिसर में दिव्यांग सेवा केंद्र का शुभारंभ किया गया। इस केंद्र का उद्घाटन सक्षम की प्रांत सह सचिव एवं कोरबा जिला प्रभारी श्रीमती अंजली चावड़ा तथा जिला अध्यक्ष श्रीमती ज्योति श्रीवास ने विधिवत पूजा-अर्चना के साथ किया।
जिला सचिव लोकनाथ सेन ने बताया कि दिव्यांग सेवा केंद्र का संचालन प्रारंभिक रूप से साप्ताहिक किया जाएगा। प्रत्येक शनिवार को शाम 4 बजे से 6 बजे तक सक्षम के कार्यकर्ता केंद्र में उपस्थित रहेंगे। केंद्र के माध्यम से दिव्यांगजनों को रोजगार से संबंधित जानकारी, शासकीय एवं निजी चिकित्सालयों में उपलब्ध सुविधाएं, समाज कल्याण विभाग की योजनाएं, बैंक ऋण व अन्य वित्तीय सुविधाएं, साथ ही स्वरोजगार के विभिन्न अवसरों की जानकारी प्रदान की जाएगी।
दिव्यांग सेवा केंद्र में देहदान, नेत्रदान एवं रक्तदान हेतु संकल्प पत्र तथा संबंधित शासकीय प्रक्रियाओं के फॉर्म भी उपलब्ध रहेंगे। इच्छुक नागरिक यहां आकर संकल्प पत्र भर सकेंगे, जिन्हें आगामी सक्षम कार्यक्रमों में सम्मानित किया जाएगा। इसके अतिरिक्त दिव्यांग विद्यालयों में प्रवेश प्रक्रिया, शुल्क, शिक्षा हेतु उपलब्ध छात्रवृत्तियों की जानकारी भी केंद्र में दी जाएगी।
केंद्र के माध्यम से समय-समय पर दिव्यांगजनों के लिए स्वास्थ्य परीक्षण, नेत्र जांच, ब्लड ग्रुप जांच, रक्तदान शिविर, दिव्यांग प्रमाण पत्र निर्माण, यूडीआईडी कार्ड, आयुष्मान कार्ड, गर्म कपड़े एवं दिव्यांग उपकरण वितरण शिविरों का आयोजन किया जाएगा। दृष्टिबाधित विद्यार्थियों के लिए विभिन्न परीक्षाओं में सहयोग हेतु राइटर टीम का गठन भी इसी केंद्र के माध्यम से किया जाएगा।
इस अवसर पर दिव्यांग सेवा केंद्र के संचालन के लिए पांच सदस्यीय समिति का गठन किया गया। समिति में जिला अध्यक्ष श्रीमती ज्योति श्रीवास (मो. 6264048198), जिला सचिव लोकनाथ सेन (मो. 9977580623), जिला कोषाध्यक्ष मेश्राम पटेल (मो. 8319567632), जिला संरक्षक डॉ. वीणा अग्रवाल (मो. 9827964134) तथा दिव्यांग सेवा केंद्र प्रभारी के रूप में जिला सह सचिव ज्ञानदास महंत (मो. 7898152407) को जिम्मेदारी सौंपी गई है।
जिलेभर के दिव्यांगजनों एवं उनके परिजनों से अपील की गई है कि वे किसी भी प्रकार की जानकारी या सहायता के लिए दिए गए संपर्क नंबरों पर संपर्क कर लाभ उठाएं। कार्यक्रम में जिला मीडिया प्रभारी राजेंद्र श्रीवास, जिला महिला प्रकोष्ठ प्रभारी कौशिल्या महंत, जिला युवा आयाम प्रमुख दीप्ती श्रीवास, जिला चेतना प्रकोष्ठ प्रमुख अमरीका सेन सहित अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।