
रिपोर्टर टेकराम कोसले
बलौदाबाजार, 8 मार्च 2026। जिला पंचायत सभागार बलौदाबाजार में सोमवार को उद्यमिता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से उद्यमिता जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम आईआईएम रायपुर एवं डीसी एमएसएमई, भारत सरकार के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में युवाओं, स्व-रोजगार में रुचि रखने वाले प्रतिभागियों तथा विभिन्न विभागों के प्रतिनिधियों को उद्यमिता की महत्वपूर्ण अवधारणाओं से अवगत कराया गया।
कार्यक्रम के दौरान प्रशिक्षकों और विशेषज्ञों ने प्रतिभागियों को उद्यमशील मानसिकता के विकास, जिला-विशिष्ट व्यवसायिक अवसरों की पहचान तथा लघु, सूक्ष्म एवं मध्यम उद्यम (MSME) क्षेत्र से संबंधित संभावनाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी। इसके साथ ही प्रतिभागियों को एमएसएमई योजनाओं, वित्तीय सहायता, संस्थागत सहयोग तथा बैंकों से ऋण प्राप्त करने की प्रक्रिया के बारे में भी मार्गदर्शन प्रदान किया गया।
कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ शासन की औद्योगिक नीति एवं नवीन स्टार्टअप नीति के महत्वपूर्ण प्रावधानों की जानकारी भी साझा की गई। विशेषज्ञों ने बताया कि इन नीतियों के माध्यम से राज्य में युवाओं को स्वरोजगार और स्टार्टअप शुरू करने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है। साथ ही प्रतिभागियों को सफल उद्यमियों एवं विशेषज्ञों के साथ संवाद का अवसर भी मिला, जिससे उन्हें व्यावहारिक अनुभव और प्रेरणा प्राप्त हुई।
इस अवसर पर डिप्टी कलेक्टर रजनी छड़ीमली, जीएम डीआईसी गुनेश्वरी साहु सहित अन्य अधिकारी एवं बड़ी संख्या में प्रतिभागी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के माध्यम से युवाओं और इच्छुक नागरिकों को उद्यमिता की दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया गया।