
रिपोर्टर टेकराम कोसले
बलौदाबाजार-भाटापारा | दिनांक 16 दिसंबर 2025
थाना हथबंद क्षेत्र अंतर्गत ग्राम लावर में अवैध शराब तस्करी एवं बिक्री के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। थाना हथबंद पुलिस ने संगठित रूप से अवैध शराब बिक्री कराने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए 03 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इससे पूर्व एक आरोपी को रंगे हाथों अवैध शराब बेचते हुए पकड़ा गया था, जिसकी जांच के दौरान पूरे नेटवर्क का खुलासा हुआ।
32 पाव देशी मसाला शराब के साथ पहले आरोपी की गिरफ्तारी
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 16.09.2025 को थाना हथबंद पुलिस द्वारा ग्राम लावर में संत कुमार उर्फ सनत पारधी को अवैध रूप से शराब बिक्री करते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया था। आरोपी के कब्जे से ₹3520 कीमत की 32 पाव देशी मसाला शराब जप्त की गई थी। इस संबंध में आरोपी के विरुद्ध अपराध क्रमांक 195/2025, धारा 34(2) आबकारी एक्ट एवं 111 बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना प्रारंभ की गई थी।
पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में हुई गहन जांच
पुलिस अधीक्षक श्रीमती भावना गुप्ता के कुशल निर्देशन में थाना हथबंद पुलिस द्वारा प्रकरण की गहन जांच की गई। गिरफ्तार आरोपी से मनोवैज्ञानिक तरीके से पूछताछ, परिस्थितिजन्य साक्ष्य एवं गवाहों के बयान के आधार पर यह तथ्य सामने आया कि ग्राम लावर में अवैध शराब बिक्री एक संगठित गिरोह के माध्यम से की जा रही थी।
संगठित गिरोह का खुलासा, 03 आरोपी गिरफ्तार
विवेचना के दौरान यह पाया गया कि आशुतोष उर्फ भोला मिश्रा, राकेश भंडरी एवं रूपेन उर्फ पकरू भंडरी द्वारा मिलकर संगठित रूप से अवैध शराब उपलब्ध कराई जा रही थी, जिसे पहले गिरफ्तार आरोपी संत कुमार पारधी के माध्यम से ग्राम लावर में बेचा जाता था।
पर्याप्त साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने तीनों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उन्होंने अवैध शराब बिक्री कर आर्थिक लाभ अर्जित करने की बात स्वीकार की।
दिनांक 15.12.2025 को तीनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में प्रस्तुत करने की प्रक्रिया की जा रही है। मामले में अन्य संलिप्त आरोपियों की तलाश जारी है तथा विवेचना प्रचलित है।
गिरफ्तार आरोपियों का विवरण
1. आशुतोष उर्फ भोला मिश्रा, उम्र 20 वर्ष, निवासी शंकर नगर सिमगा, थाना सिमगा
2. राकेश भंडरी, उम्र 20 वर्ष, निवासी ग्राम लावर, थाना हथबंद
3. रूपेन उर्फ पकरू भंडरी, उम्र 26 वर्ष, निवासी ग्राम लावर, थाना हथबंद
अवैध शराब के खिलाफ पुलिस की सख्ती
थाना हथबंद पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध शराब तस्करों के बीच हड़कंप मच गया है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अवैध शराब बिक्री एवं तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा।