कार से अवैध शराब तस्करी का भंडाफोड़, दो आरोपी गिरफ्तार, 177 पौवा देसी शराब जब्त

TEJASWI NATH SONI

December 22, 2025

बलौदाबाजार, 22 दिसम्बर 2025/ थाना सिटी कोतवाली पुलिस ने अवैध शराब तस्करी के विरुद्ध बड़ी कार्रवाई करते हुए कार के माध्यम से शराब की तस्करी करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 177 पौवा देसी मसाला शराब जब्त की है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार 23 नवम्बर 2025 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक वेगनर कार के माध्यम से अवैध रूप से शराब परिवहन कर बिक्री की जा रही है। सूचना पर सिटी कोतवाली पुलिस द्वारा डी.के. कॉलेज बलौदाबाजार के पास नाकाबंदी की गई। इस दौरान सफेद रंग की वेगनर कार क्रमांक CG22 AC 7587 पुलिस नाकाबंदी देखकर मौके पर वाहन छोड़कर फरार हो गई।

पुलिस द्वारा मौके पर कार की तलाशी लेने पर उसमें से 177 पौवा देसी मसाला शराब बरामद की गई, जिसे विधिवत जब्त कर आरोपियों के विरुद्ध धारा 34(2) आबकारी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना प्रारंभ की गई।

पुलिस अधीक्षक श्रीमती भावना गुप्ता के निर्देश पर पुलिस टीम ने वाहन के पंजीयन विवरण, तकनीकी साक्ष्यों एवं अन्य कड़ियों को जोड़ते हुए आरोपियों की पहचान की। इसके बाद आरोपियों वेदप्रकाश उर्फ खिलेश यादव एवं कुंदन सिंह दक्षणी को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जिसमें उन्होंने अवैध शराब परिवहन और पुलिस नाकाबंदी देखकर वाहन छोड़कर फरार होने की बात स्वीकार की।

पुलिस ने दोनों आरोपियों को दिनांक 22 दिसम्बर 2025 को विधिवत गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत करने की प्रक्रिया प्रारंभ कर दी है। पुलिस द्वारा अवैध शराब के कारोबार पर आगे भी कड़ी निगरानी और कार्रवाई जारी रखने की बात कही गई है।

गिरफ्तार आरोपी :

  1. वेदप्रकाश उर्फ खिलेश यादव (20 वर्ष), निवासी ग्राम लटुवा, थाना सिटी कोतवाली

  2. कुंदन सिंह दक्षणी (19 वर्ष), निवासी ग्राम लटुवा, थाना सिटी कोतवाली

सह संपादक

Share this content:

Leave a Comment