बसना- महासमुंद।छत्तीसगढ़ में धान खरीदी की अव्यवस्थित व्यवस्था को लेकर किसानों में भारी आक्रोश व्याप्त है। जिला पंचायत सदस्य एवं कांग्रेस के सक्रिय नेता मोक्ष कुमार प्रधान ने सरकार को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा है कि यदि किसानों का पूरा धान शीघ्र नहीं खरीदा गया और खरीदी की समय-सीमा में विस्तार नहीं किया गया, तो कांग्रेस किसानों के समर्थन में चक्का जाम जैसे बड़े आंदोलन के लिए मजबूर होगी।
मोक्ष कुमार प्रधान ने कहा कि टोकन नहीं कटना, सीमित मात्रा में धान खरीदी और निर्धारित समय-सीमा का समाप्त होना किसानों के लिए गंभीर संकट बन गया है। महीनों की कड़ी मेहनत के बाद भी किसान अपनी उपज बेचने में असमर्थ हैं, जो राज्य सरकार की घोर लापरवाही और असंवेदनशीलता को दर्शाता है।
उन्होंने कहा कि किसान अन्नदाता है, उसके साथ किसी भी प्रकार का अन्याय बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सरकार को चाहिए कि तत्काल धान खरीदी की सीमा बढ़ाए, समय-सीमा में विस्तार करे और यह सुनिश्चित करे कि हर किसान का एक-एक दाना समर्थन मूल्य पर खरीदा जाए।
मोक्ष कुमार प्रधान ने स्पष्ट किया कि यदि सरकार ने जल्द ठोस निर्णय नहीं लिया, तो कांग्रेस पार्टी किसानों के साथ मिलकर सड़कों पर उतरेगी और व्यापक आंदोलन किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।
उन्होंने प्रशासन से अपील की कि किसानों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए त्वरित समाधान निकाला जाए, ताकि अन्नदाताओं को राहत मिल सके और प्रदेश में शांति व्यवस्था बनी रहे।