
रिपोर्टर टेकराम कोसले
बलौदाबाजार। बहुजन समाज पार्टी के तत्वावधान में जिला मुख्यालय बलौदाबाजार के गार्डन चौक में रविवार को एक विशाल जनसभा का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम बहुजन आंदोलन के महानायक कांशीराम की 92वीं जयंती के अवसर पर आयोजित किया गया, जिसमें जिले सहित आसपास के क्षेत्रों से हजारों की संख्या में लोग अपने निजी साधनों से पहुंचकर शामिल हुए। कार्यक्रम में बहुजन समाज के संगठनों बामसेफ, डीएस-4 और बहुजन समाज पार्टी के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
सभा के दौरान वक्ताओं ने जिला बलौदाबाजार का नामकरण संत गुरु घासीदास बाबा जी के नाम पर किए जाने और पूरे जिले में पूर्ण शराबबंदी लागू करने की मांग प्रमुखता से उठाई। वक्ताओं ने कहा कि यह मांग केवल किसी एक समाज की नहीं बल्कि पूरे क्षेत्र की सामाजिक अस्मिता और सम्मान से जुड़ा विषय है।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि हेमंत पोयाम ने अपने संबोधन में कहा कि सरकार को जनभावनाओं का सम्मान करते हुए जल्द ही बलौदाबाजार जिले का नामकरण संत गुरु घासीदास बाबा जी के नाम पर करना चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि सरकार इस मांग को लगातार नजरअंदाज करती है तो आने वाले समय में इसका राजनीतिक परिणाम भी सामने आ सकता है। उन्होंने कहा कि बहुजन समाज पार्टी संघर्ष करने वाली पार्टी है और जरूरत पड़ने पर इस मांग को लेकर लंबे समय तक लोकतांत्रिक आंदोलन चलाने से भी पीछे नहीं हटेगी।
अपने संबोधन में उन्होंने 10 जून की घटना का उल्लेख करते हुए कहा कि बहुजन समाज पार्टी की सरकार बनने पर इस मामले की निष्पक्ष जांच के लिए विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया जाएगा। साथ ही निर्दोष लोगों के खिलाफ दर्ज मामलों की समीक्षा कर उन्हें न्याय दिलाने का काम किया जाएगा। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्तमान सरकार गरीब और कमजोर वर्गों को प्रताड़ित कर रही है, जिससे सरकार की मंशा स्पष्ट दिखाई देती है। उन्होंने कहा कि यदि समाज को अन्याय और अत्याचार से मुक्ति चाहिए तो बहुजन समाज पार्टी की सरकार बनाना समय की मांग है।
सभा में वक्ताओं ने कहा कि बहुजन आंदोलन केवल राजनीतिक आंदोलन नहीं बल्कि सामाजिक सम्मान और समान अधिकारों की लड़ाई है। कांशीराम के विचारों को आगे बढ़ाते हुए बहुजन समाज को संगठित होकर अपने अधिकारों के लिए संघर्ष करना होगा।
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में दूजराम बौद्ध (पूर्व विधायक पामगढ़), के.डी. टंडन, करमन खटकर, बसंत सिन्हा, रमाकांत केवट, डॉ. सितारा खान सहित बहुजन समाज पार्टी के अनेक पदाधिकारी, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में आम नागरिक मौजूद रहे।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित लोगों ने एक स्वर में बलौदाबाजार जिले का नामकरण संत गुरु घासीदास बाबा जी के नाम पर करने और जिले में पूर्ण शराबबंदी लागू करने की मांग को लेकर आगे भी जनजागरण अभियान तथा लोकतांत्रिक आंदोलन जारी रखने का संकल्प लिया।