जिले में विशाल श्रमिक सम्मेलन आयोजित, 3,106 श्रमिकों को 1.51 करोड़ से अधिक की सहायता राशि

TEJASWI NATH SONI

February 19, 2026

लोकनाथ खुंटे, रायपुर संभाग ब्यूरो

महासमुंद, 19 फरवरी 2026। श्रमिकों के सम्मान एवं उनके सर्वांगीण विकास के उद्देश्य से छत्तीसगढ़ भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मंडल के अध्यक्ष डॉ. रामप्रताप सिंह के मुख्य आतिथ्य में जिला स्तरीय श्रमिक सम्मेलन का आयोजन विशाल मेगा मार्ट परिसर में किया गया। कार्यक्रम में विधायक महासमुंद योगेश्वर राजू सिन्हा, पूर्व राज्य मंत्री पूनम चंद्राकर, पूर्व विधायक डॉ. विमल चोपड़ा, जिला पंचायत उपाध्यक्ष भीखम सिंह ठाकुर, जनपद अध्यक्ष दिशा दीवान, स्काउट एवं गाइड के राज्य आयुक्त इन्द्रजीत सिंह गोल्डी एवं जिलाध्यक्ष ऐतराम साहू सहित अनेक जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

सम्मेलन के दौरान जिले के 3,106 पंजीकृत श्रमिकों के खातों में 1 करोड़ 51 लाख 57 हजार 630 रुपये की सहायता राशि डीबीटी के माध्यम से अंतरित की गई। राशि प्राप्त होने पर श्रमिकों में उत्साह और खुशी का माहौल देखने को मिला।

मुख्य अतिथि डॉ. रामप्रताप सिंह ने कहा कि निर्माण एवं असंगठित क्षेत्र के श्रमिक प्रदेश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं। उनके सम्मान, सुरक्षा और कल्याण को सुनिश्चित करना शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में योजनाओं के क्रियान्वयन में पारदर्शिता को बढ़ावा दिया गया है और अब लाभ सीधे श्रमिकों के बैंक खातों में पहुंच रहा है। उन्होंने श्रमिकों से अपने पंजीयन का नवीनीकरण कराने और शासन की योजनाओं का अधिकतम लाभ लेने का आग्रह किया।

विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा ने कहा कि श्रमिक समाज और राज्य की प्रगति के आधार स्तंभ हैं। केंद्र और राज्य सरकार श्रमिकों के सामाजिक सुरक्षा एवं आर्थिक सशक्तिकरण के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने श्रमिकों से योजनाओं से जुड़कर आत्मनिर्भर बनने का आह्वान किया।

पूर्व राज्य मंत्री पूनम चंद्राकर ने जी-राम-जी योजना के तहत 125 दिवस के रोजगार प्रावधान की जानकारी देते हुए इसे श्रमिकों के लिए महत्वपूर्ण कदम बताया। वहीं पूर्व विधायक डॉ. विमल चोपड़ा ने कहा कि देश के विकास में मजदूरों की भूमिका सर्वाधिक महत्वपूर्ण है और उनके जीवन स्तर में सुधार के लिए कर्मकार कल्याण मंडल सार्थक प्रयास कर रहा है।

श्रम पदाधिकारी डी.एन. पात्र ने विभागीय प्रतिवेदन प्रस्तुत करते हुए बताया कि विगत ढाई वर्षों में जिले में 44 हजार 373 श्रमिक पंजीकृत हुए हैं तथा 42 हजार 116 श्रमिकों का नवीनीकरण किया गया है। विभिन्न योजनाओं के तहत अब तक 26 हजार 256 श्रमिकों को 23 करोड़ 43 लाख 94 हजार रुपये की सहायता प्रदान की जा चुकी है।

कार्यक्रम में दीदी ई-रिक्शा सहायता योजना के तहत नयापारा वार्ड निवासी श्रीमती ललिता महानंद को ई-रिक्शा प्रदान किया गया। उन्होंने इसे अपने परिवार की आय का प्रमुख साधन बताते हुए शासन के प्रति आभार व्यक्त किया।

सम्मेलन में बड़ी संख्या में श्रमिक, जनप्रतिनिधि एवं श्रम विभाग के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

District Bureau Chief BALODA BAZAR

Share this content:

Leave a Comment