14 वर्ष की बालिकाओं को निःशुल्क टीका, जिला अस्पताल सहित विभिन्न केंद्रों में सुविधा उपलब्ध
बलौदाबाजार, 17 मार्च 2026। जिले में किशोरियों को सर्वाइकल कैंसर से बचाने के उद्देश्य से एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) टीकाकरण अभियान की शुरुआत कर दी गई है। भारत सरकार की इस महत्वपूर्ण पहल के तहत जिले में पात्र बालिकाओं को निःशुल्क टीका लगाया जा रहा है।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. राजेश अवस्थी ने बताया कि यह टीका उन किशोरियों को लगाया जा रहा है जिन्होंने 14 वर्ष की आयु पूर्ण कर ली है, लेकिन 15 वर्ष की आयु पूरी नहीं की है। आयु सत्यापन के लिए आधार कार्ड या अन्य फोटो पहचान पत्र मान्य होंगे। पहचान पत्र उपलब्ध न होने की स्थिति में अभिभावकों के हस्ताक्षरित घोषणा पत्र के आधार पर भी टीकाकरण किया जाएगा।
जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. के.के. टेम्भूरने ने बताया कि एचपीवी वायरस महिलाओं में होने वाले सर्वाइकल कैंसर का प्रमुख कारण है। इस टीकाकरण के माध्यम से किशोरियों को भविष्य में इस गंभीर बीमारी से सुरक्षित रखने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि निजी अस्पतालों में यह टीका पहले से उपलब्ध था, लेकिन अब शासन द्वारा इसे निःशुल्क उपलब्ध कराया जा रहा है ताकि अधिक से अधिक लोग इसका लाभ ले सकें।
जिला अस्पताल में अपनी बेटी का टीकाकरण कराने पहुंचे शिक्षक अरुण वर्मा ने बताया कि उन्हें इस अभियान की जानकारी समाचार और सोशल मीडिया के माध्यम से मिली। पहले वे निजी अस्पताल जाने वाले थे, लेकिन निःशुल्क सुविधा मिलने पर उन्होंने जिला अस्पताल में ही टीका लगवाया।
स्वास्थ्य विभाग द्वारा प्रत्येक टीकाकरण केंद्र पर प्रतीक्षालय, टीकाकरण कक्ष और निगरानी कक्ष की समुचित व्यवस्था की गई है। टीका लगने के बाद प्रत्येक लाभार्थी को 30 मिनट तक निगरानी में रखा जा रहा है और प्रमाण पत्र भी प्रदान किया जा रहा है।