प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी द्वारा प्रारंभ की गई पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना जिले में ऊर्जा आत्मनिर्भरता की नई मिसाल बन रही है। इस महत्वाकांक्षी योजना के माध्यम से अब आम नागरिकों के घर सौर ऊर्जा से रोशन हो रहे हैं और वे बिजली बिल से राहत के साथ स्वच्छ ऊर्जा का लाभ उठा रहे हैं।
जिले में इस योजना को लेकर लोगों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। अब तक 10 हजार से अधिक परिवारों ने योजना के अंतर्गत पंजीकरण कराकर सौर ऊर्जा अपनाने की दिशा में मजबूत कदम बढ़ाया है। यह आंकड़ा जिले में बढ़ती जागरूकता और पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी को दर्शाता है।
प्रशासनिक सक्रियता और बेहतर समन्वय का ही परिणाम है कि अब तक 900 से अधिक परिवारों के घरों की छतों पर सोलर रूफटॉप प्लांट सफलतापूर्वक स्थापित किए जा चुके हैं। इन परिवारों को न केवल बिजली बिल से मुक्ति मिल रही है, बल्कि वे पर्यावरण संरक्षण में भी अहम योगदान दे रहे हैं। योजना के तहत मिलने वाली सरकारी सब्सिडी, पारदर्शी प्रक्रिया और त्वरित लाभ से आमजन का भरोसा लगातार मजबूत हुआ है।
मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के मार्गदर्शन और कलेक्टर दीपक सोनी की सतत निगरानी में जिले में ऊर्जा आत्मनिर्भरता का यह अभियान तेजी से आगे बढ़ रहा है। सीएसपीडीसीएल के अधिकारी वेंडर और हितग्राहियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर योजना के प्रभावी क्रियान्वयन में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।
पीएम सूर्यघर योजना न केवल आर्थिक बचत का माध्यम बन रही है, बल्कि यह जिले को हरित ऊर्जा, स्वच्छ पर्यावरण और आत्मनिर्भर भविष्य की ओर अग्रसर कर रही है।