यादव समाज की एकजुटता का ऐतिहासिक प्रदर्शन, शपथ ग्रहण समारोह भव्य रूप से संपन्न

SARJU PRASAD SAHU

April 6, 2026

प्रतिनिधित्व, सम्मान और अधिकारों की मांग के साथ गूंजा कोरबा

कोरबा। सर्व यादव समाज, जिला कोरबा द्वारा आयोजित शपथ ग्रहण समारोह भव्य एवं गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में समाज के लोगों की भारी उपस्थिति देखने को मिली, जिसने आयोजन को ऐतिहासिक स्वरूप प्रदान किया। इस अवसर पर समाज की एकता, जागरूकता और अधिकारों की मांग प्रमुख रूप से उभरकर सामने आई।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष श्री रमेश यदु ने कहा कि छत्तीसगढ़ में यादव समाज की बड़ी जनसंख्या होने के बावजूद उन्हें गौ सेवा आयोग में प्रतिनिधित्व नहीं मिलना चिंताजनक है। उन्होंने भगवान श्रीकृष्ण की परंपरा का उल्लेख करते हुए समाज को उसका उचित स्थान दिलाने की मांग उठाई।
विधायक श्री रामकुमार यादव ने अपने उद्बोधन में “दारू और दूध” तथा “राम-लखन” की एकता का उदाहरण देते हुए समाज में भाईचारे और संगठन की शक्ति पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि समाज को जनसंख्या के अनुपात में अधिकार, मानदेय और आवश्यक सुविधाएं मिलनी चाहिए।
कैबिनेट मंत्री श्री लखनलाल देवांगन ने समाज की मांगों को गंभीरता से लेते हुए उन्हें शासन तक पहुंचाने का भरोसा दिलाया। साथ ही उन्होंने समाज के लिए भवन एवं अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने का आश्वासन भी दिया।
महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत ने यादव समाज की एकजुटता की सराहना करते हुए इसे अन्य समाजों के लिए प्रेरणादायक बताया। वहीं पार्षद श्री नरेंद्र देवांगन, जिला पंचायत सभापति श्री विनोद कुमार यादव एवं श्री अनूप सिंह यादव ने भी समाज को संगठित रहकर आगे बढ़ने का संदेश दिया।
कार्यक्रम के अंत में समाज के सदस्यों द्वारा सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया गया। पूरे आयोजन में उत्साह, अनुशासन और सामाजिक एकता का अद्भुत उदाहरण देखने को मिला।

संपादक { विज्ञापन‍ }

Share this content:

Leave a Comment