पलारी, 20-12-2025। पलारी नगर पंचायत द्वारा नगर भवन में आयोजित नगर सभा ने इतिहास रच दिया। नगर सभा की अध्यक्षता नगर पंचायत अध्यक्ष गोपी साहू ने की। इस ऐतिहासिक सभा में नगर के प्रबुद्ध नागरिक, सभी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि, उपाध्यक्ष एवं पार्षदगण, समाज के मुखिया, पूर्व पार्षद, पत्रकार, किसान, युवा, महिला समूह, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में आम नागरिक उपस्थित रहे।
सभा में नगर हित में तीन महत्वपूर्ण प्रस्ताव पेश किए गए, जिन्हें सर्वसम्मति से पारित किया गया। पहले प्रस्ताव के अनुसार नगर के सभी सार्वजनिक और धार्मिक स्थलों जैसे सिद्धेश्वर महादेव मंदिर, मुक्तिधाम, गार्डन, बस स्टैंड आदि में नशा तथा मांस-मदिरा सेवन पूर्णतः प्रतिबंधित किया गया। उल्लंघन पर ₹3000 का अर्थदंड एवं नगर पंचायत अधिनियम के तहत कानूनी कार्रवाई होगी।
दूसरे प्रस्ताव में पलारी को प्लास्टिक मुक्त नगर बनाने का निर्णय लिया गया। सभी धार्मिक, सामाजिक और सांस्कृतिक आयोजनों में प्लास्टिक और डिस्पोजेबल सामग्री के उपयोग पर रोक, और व्यापारिक प्रतिष्ठानों में सिंगल-यूज़ प्लास्टिक की बिक्री पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। उल्लंघन की स्थिति में अर्थदंड के साथ दुकान सील करने की कार्रवाई होगी।
तीसरे प्रस्ताव के तहत नागरिक अपने बच्चों के जन्मदिवस या दिवंगत बुजुर्गों की स्मृति में नगर के चिन्हित सार्वजनिक स्थलों पर पौधारोपण और संरक्षण की जिम्मेदारी स्वयं लेंगे।
गोपी साहू ने कहा कि ये निर्णय पलारी को स्वच्छ, सुरक्षित और स्वस्थ नगर बनाने की दिशा में मील का पत्थर हैं। सभी उपस्थित नागरिकों ने सामूहिक रूप से इस संकल्प को स्वीकार किया। इन प्रस्तावों की जानकारी जन-जन तक पहुँचाने के लिए 31 दिसंबर तक सघन जनजागरूकता अभियान चलाया जाएगा, और 1 जनवरी से इसे नगरीय क्षेत्र में लागू किया जाएगा।
सभा में प्रमुख रूप से विपिन बिहारी वर्मा, योगेश चंद्राकर, हितेंद्र ठाकुर, इंद्रदेव वर्मा, खिलेंद्र वर्मा, डॉ. पंकज वर्मा, हेमंत पटेल, धनेश वर्मा, उपाध्यक्ष पिंटू वर्मा, पार्षद लेखु वर्मा, नेमसिंह बांधे, प्रतिभा धीरहे, कुमार धीवर, नारायण धीवर, लुकेश्वरी निषाद, मंजू कृष्णा देवांगन, बंटी वर्मा, सुभाष वर्मा, भूषण यादव, रवि ध्रुव, डोमार सिंह वर्मा और झड़ी राम कन्नौजे सहित बड़ी संख्या में सामाजिक संगठन, महिला समूह, युवा, किसान और पत्रकार उपस्थित रहे।