प्रशांत मिश्रा ने किया भूमि पूजन, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष सत्यनारायण पैकरा की उपस्थिति में दिखी सामाजिक एकता
कोरबा। जिले के ग्राम पंचायत पोड़ी के लीमघाट मोहल्ले में सोमवार को भगवान शिव मंदिर निर्माण के लिए विधिवत भूमि पूजन कार्यक्रम आयोजित किया गया। वैदिक मंत्रोच्चार और ‘हर हर महादेव’ के जयघोष से पूरा क्षेत्र भक्तिमय माहौल में डूब गया।
कार्यक्रम में सांसद प्रतिनिधि प्रशांत मिश्रा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए और मंदिर निर्माण की आधारशिला रखी। इस अवसर पर पूर्व विधायक प्रतिनिधि अनिल गुप्ता, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष सत्यनारायण पैकरा, जनपद सदस्य अफसाना कय्यूम, समाजसेवी श्रवण दास तथा स्थानीय प्रतिनिधि श्यामू सलाम सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
मंदिर निर्माण को लेकर ग्रामीणों में विशेष उत्साह देखने को मिला। स्थानीय लोगों ने न केवल आर्थिक सहयोग दिया, बल्कि श्रमदान के माध्यम से भी अपनी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की। चंदलाल श्याम, राजेश पटेल, संतोष कश्यप, चंदा श्याम, अमरुद कैवर्त, संतोष पैकरा, जग्गू नेताम, मनीराम बियार और कपिल कश्यप सहित कई ग्रामीणों ने सहयोग कर आयोजन को सफल बनाया।
इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि मंदिर निर्माण केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक नहीं, बल्कि सामाजिक एकता और भाईचारे का भी संदेश देता है। सभी समुदायों की सहभागिता से यह आयोजन क्षेत्र में सामूहिकता की मिसाल बनकर उभरा।
ग्रामीणों ने विश्वास जताया कि निर्माण पूर्ण होने के बाद यह शिव मंदिर क्षेत्र का प्रमुख आस्था केंद्र बनेगा और यहां नियमित रूप से धार्मिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों का आयोजन होगा