पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के सानिध्य में कोरबा में हनुमंत कथा का भव्य आगाज

SARJU PRASAD SAHU

March 28, 2026

21 हजार कलशों की ऐतिहासिक यात्रा से हुआ स्वागत, श्रद्धा और उत्साह से सराबोर हुआ पूरा क्षेत्र

कोरबा। जिले के ग्राम ढपढप बांकीमोंगरा-कटघोरा मार्ग में शनिवार से बहुप्रतीक्षित हनुमंत कथा का शुभारंभ भक्ति, श्रद्धा और उल्लास के बीच हुआ। बागेश्वर धाम के सुप्रसिद्ध कथावाचक पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के आगमन पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी, जिससे पूरा क्षेत्र भक्तिमय माहौल में सराबोर हो गया।

कथा प्रारंभ से पूर्व निकाली गई भव्य कलश यात्रा इस आयोजन का मुख्य आकर्षण रही। आयोजकों के अनुसार लगभग 21 हजार महिलाओं ने इसमें भाग लिया। पारंपरिक वेशभूषा में सजी महिलाओं ने सिर पर कलश धारण कर ढोल-नगाड़ों और जयकारों के साथ नगर भ्रमण किया, जिससे पूरे क्षेत्र में आध्यात्मिक ऊर्जा का संचार हुआ।

हनुमंत कथा का आयोजन प्रतिदिन दोपहर 3 बजे से शाम 6 बजे तक किया जाएगा। इस दौरान श्रद्धालुओं के लिए विशेष “दिव्य दरबार” भी लगाया जाएगा, जिसकी तिथि की घोषणा मंच से की जाएगी।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए प्रशासन द्वारा सुरक्षा, यातायात और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं के व्यापक इंतजाम किए गए हैं, ताकि आयोजन सुचारू रूप से संपन्न हो सके।

यह आयोजन न केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक बन रहा है, बल्कि क्षेत्र में सामाजिक और सांस्कृतिक एकता का भी संदेश दे रहा है।

संपादक { विज्ञापन‍ }

Share this content:

Leave a Comment