सिरपुर में सेन समाज का भव्य वार्षिक अधिवेशन संपन्न, गोविंद सेन अध्यक्ष व डॉ. शेषनारायण बने महासचिव

TEJASWI NATH SONI

February 18, 2026

सिरपुर। सेन समाज सिरपुर महासभा का भव्य वार्षिक अधिवेशन उत्साहपूर्ण एवं अनुशासित वातावरण में संपन्न हुआ। इस गरिमामयी आयोजन में समाज के उत्थान, संगठन की मजबूती एवं आपसी एकजुटता पर विशेष जोर दिया गया। अधिवेशन के दौरान सर्वसम्मति से गोविंद सेन को नया अध्यक्ष तथा डॉ. शेषनारायण सेन को महासचिव निर्वाचित किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ सेन समाज के इष्ट देव संत शिरोमणि सेन जी महाराज एवं पवनपुत्र बजरंग बली की पूजा-अर्चना और दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। भक्तिमय वातावरण में उपस्थित जनसमूह ने समाज की सांस्कृतिक परंपराओं के प्रति अपनी आस्था व्यक्त की।

अधिवेशन में मुख्य अतिथि के रूप में सेन समाज के प्रदेश अध्यक्ष हिरामन सेन उपस्थित रहे। साथ ही राजिम महासभा एवं छुरा राज, खल्लारी महासभा एवं लवन राज, रायपुर महासभा तथा कसडोल सर्वसेन समाज के पदाधिकारियों एवं वरिष्ठजनों की उल्लेखनीय सहभागिता रही। विभिन्न क्षेत्रों से आए प्रतिनिधियों की उपस्थिति ने कार्यक्रम की गरिमा को और बढ़ाया।

नवनिर्वाचित अध्यक्ष गोविंद सेन एवं महासचिव डॉ. शेषनारायण सेन ने अपने प्रथम संबोधन में समाज के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनकी प्राथमिकता समाज में एकता को सुदृढ़ करना, युवाओं को नेतृत्व के अवसर प्रदान करना तथा शिक्षा एवं स्वरोजगार को बढ़ावा देना होगा। उन्होंने सामाजिक जागरूकता अभियान चलाने और पिछड़े वर्गों को मुख्यधारा से जोड़ने का संकल्प भी लिया।

कार्यक्रम में वक्ताओं ने शिक्षा के प्रसार, सामाजिक कुरीतियों के उन्मूलन और संगठनात्मक मजबूती पर विशेष बल दिया। समाज के वरिष्ठजनों ने एकजुटता के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया।

अंत में नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का फूल-मालाओं से स्वागत किया गया तथा सफल कार्यकाल की शुभकामनाएं दी गईं। अधिवेशन ने समाज में नई ऊर्जा और सकारात्मक संदेश का संचार किया, जिससे आने वाले समय में सामाजिक विकास को नई दिशा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।

District Bureau Chief BALODA BAZAR

Share this content:

Leave a Comment