
रिपोर्टर टेकराम कोसले
बलौदाबाजार (छत्तीसगढ़) — ग्राम पंचायत कुम्हारी के सतनामी मुहल्ला में लंबे समय से प्रतीक्षित गली मरम्मत कार्य का आज विधिवत शुभारंभ किया गया। वर्षों बाद प्रारंभ हुए इस महत्वपूर्ण विकास कार्य को लेकर ग्रामीणों में उत्साह का माहौल देखा गया। कार्य की शुरुआत भूमि पूजन कार्यक्रम के साथ की गई, जिसमें जनप्रतिनिधियों एवं समाज के गणमान्य नागरिकों की गरिमामयी उपस्थिति रही।
जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में हुआ भूमि पूजन
गली मरम्मत कार्य के भूमि पूजन कार्यक्रम में ग्राम पंचायत सरपंच दुःशासन प्रधान, उपसरपंच प्रतिनिधि साधराम पटेल, जनपद सदस्य संमेलाल पटेल, ग्राम पंचायत के समस्त पंचगण सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। इसके साथ ही सतनामी समाज के पदाधिकारी, महिला कमांडो तथा समाज के वरिष्ठजन भी कार्यक्रम में शामिल हुए।
लंबे समय से थी मरम्मत की मांग
सतनामी मुहल्ला की गलियाँ लंबे समय से जर्जर अवस्था में थीं, जिससे आवागमन में ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। बरसात के मौसम में कीचड़ और जलभराव की समस्या आम हो गई थी। ग्रामीणों द्वारा लगातार की जा रही मांग के बाद अब जाकर गली मरम्मत कार्य की शुरुआत होने से लोगों ने राहत की सांस ली है।
विकास कार्यों से बदलेगा मुहल्ले का स्वरूप
जनप्रतिनिधियों ने बताया कि गली मरम्मत कार्य पूर्ण होने के बाद मुहल्ले की आवागमन व्यवस्था सुचारू होगी और ग्रामीणों को दैनिक जीवन में होने वाली कठिनाइयों से निजात मिलेगी। साथ ही ग्राम पंचायत द्वारा आगे भी मूलभूत सुविधाओं के विकास के लिए निरंतर प्रयास किए जाएंगे।
ग्रामीणों ने जताया आभार
भूमि पूजन कार्यक्रम के दौरान उपस्थित ग्रामीणों एवं सतनामी समाज के लोगों ने ग्राम पंचायत और जनप्रतिनिधियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह कार्य क्षेत्र के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने उम्मीद जताई कि भविष्य में भी इसी तरह अन्य विकास कार्यों को प्राथमिकता दी जाएगी।