
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार द्वारा संचालित सुशासन सप्ताह के तहत प्रशासन गांव की ओर अभियान कलेक्टर दीपक सोनी के निर्देशानुसार जिले के पलारी विकासखंड अंतर्गत ग्राम वटगन में प्रभावी रूप से संचालित किया गया। 23 दिसंबर 2025 को आयोजित समाधान शिविर में प्रशासन सीधे गांव पहुंचा और आमजनों की समस्याओं का गांव में ही त्वरित निराकरण किया गया, जिससे ग्रामीणों को बड़ी राहत मिली।
शिविर का आयोजन शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय वटगन परिसर में किया गया, जहां सुबह से ही ग्रामीण बड़ी संख्या में पहुंचे। शिविर में कोटवार, ग्राम सचिव सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 29 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 7 प्रकरणों का मौके पर ही निराकरण किया गया, जबकि शेष आवेदनों को प्राथमिकता के साथ दर्ज कर शीघ्र समाधान के निर्देश दिए गए।
कार्यक्रम में जिला पंचायत सदस्य रवि बंजारे,अनुसूचित जाति मोर्चा जिलाध्यक्ष चरण दास तेहरवंश, जनपद पंचायत अध्यक्ष सविता भीम यादव, जनपद सदस्य पूर्णिमा चंद्राकर, पूर्व जनपद सदस्य पंचराम वर्मा, रोहांसी भाजपा मंडल अध्यक्ष विजय कोशले, भाजपा महिला मोर्चा मंडल अध्यक्ष निर्मला रजक एवं सरपंच बाबूलाल की गरिमामयी उपस्थिति रही।
शिविर को चरण दास तेहरवंश, निर्मला रजक एवं विजय कोशले ने संबोधित करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की सरकार में सुशासन केवल घोषणा तक सीमित नहीं है, बल्कि उसका लाभ सीधे आम जनता तक पहुंच रहा है।
।
शिविर में परिवहन विभाग द्वारा रोहांसी एवं पलारी परिवहन सुविधा केंद्रों की टीम मौजूद रही। इनके द्वारा लर्निंग ड्राइविंग लाइसेंस के लिए 49 आवेदन प्राप्त किए गए, जिनमें से 21 पात्र आवेदकों को शिविर में ही तत्काल लर्निंग लाइसेंस जारी किए गए। इस त्वरित व्यवस्था से युवाओं में विशेष उत्साह देखने को मिला।
इसके अतिरिक्त कृषि विभाग द्वारा किसानों को विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी गई। मछली पालन विभाग ने मत्स्य पालन से जुड़ी योजनाओं और अनुदान की जानकारी दी। विद्युत विभाग के स्टाल में बिजली कनेक्शन, बिल सुधार एवं आपूर्ति से संबंधित शिकायतों का समाधान किया गया। राजस्व विभाग द्वारा नामांतरण, सीमांकन, जाति, आय एवं निवास प्रमाण पत्र से जुड़े प्रकरणों का निराकरण किया गया।
पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग ने प्रधानमंत्री आवास योजना, मनरेगा एवं स्वच्छ भारत मिशन से जुड़े मामलों का निपटारा किया। खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग द्वारा राशन कार्ड संबंधी समस्याओं का समाधान किया गया। स्वास्थ्य विभाग ने प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाएं एवं परामर्श उपलब्ध कराए, जबकि समाज कल्याण विभाग ने पेंशन एवं सामाजिक सुरक्षा योजनाओं से जुड़े आवेदनों का निराकरण किया।
ग्रामीणों ने कहा कि प्रशासन गांव की ओर अभियान के तहत आयोजित इस शिविर से उन्हें बार-बार सरकारी कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़े और उनकी समस्याओं का समाधान गांव में ही हो गया। शिविर में प्रशासन की तत्परता और विभागीय समन्वय को लेकर ग्रामीणों में संतोष देखने को मिला।
कुल मिलाकर सुशासन सप्ताह के अंतर्गत आयोजित यह शिविर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय सरकार के सुशासन मॉडल का सशक्त उदाहरण साबित हुआ, जहां कलेक्टर दीपक सोनी के मार्गदर्शन में प्रशासन की सक्रियता से जनता को वास्तविक और त्वरित राहत मिलती दिखाई दी।