सोनाखान में 6 फरवरी को निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण एवं जागरूकता शिविर का आयोजन

SARJU PRASAD SAHU

January 30, 2026

सोनाखान। ग्रामीण अंचल के नागरिकों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएँ उपलब्ध कराने एवं बीमारियों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से सोनाखान में एक निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण जाँच एवं जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। यह शिविर 06 फरवरी 2026, गुरुवार को प्रातः 11 बजे से शासकीय नवीन महाविद्यालय, सोनाखान परिसर में आयोजित होगा।

कार्यक्रम का आयोजन यूथ रेड क्रॉस (YRC) यूनिट के तत्वावधान में किया जा रहा है, जिसमें आसपास के समस्त ग्रामवासियों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर शिविर का लाभ उठाने की अपील की गई है।

इस स्वास्थ्य शिविर में विभिन्न विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा नेत्र रोगों की जाँच, परीक्षण एवं उपचार की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। यह सेवा संजिवनी हॉस्पिटल, कसडोल के अनुभवी चिकित्सकों की टीम द्वारा प्रदान की जाएगी। इसके साथ ही सामान्य रोगों जैसे बीपी (रक्तचाप), शुगर (मधुमेह), थायराइड, ईसीजी आदि की जाँच एवं आवश्यक परामर्श भी निःशुल्क दिया जाएगा।

आयुर्वेदिक चिकित्सा पद्धति को बढ़ावा देने के उद्देश्य से शासकीय आयुर्वेदिक अस्पताल, गिरौदपुरी द्वारा आयुर्वेदिक जाँच एवं औषधीय उपचार की सुविधा भी शिविर में उपलब्ध रहेगी। वहीं गंगा मल्टीस्पेशलिस्ट डेंटल हॉस्पिटल, गिरौदपुरी की ओर से दंत परीक्षण एवं प्राथमिक दंत उपचार किया जाएगा।

शिविर में सभी सेवाएँ पूरी तरह निःशुल्क होंगी और अनुभवी चिकित्सकों व स्वास्थ्यकर्मियों की टीम द्वारा आमजन को स्वास्थ्य संबंधी परामर्श, रोगों से बचाव की जानकारी एवं आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान किया जाएगा।

आयोजकों ने क्षेत्र के नागरिकों, विद्यार्थियों, बुजुर्गों एवं महिलाओं से अपील की है कि वे इस अवसर का लाभ उठाते हुए समय पर पहुँचकर अपने स्वास्थ्य की जाँच कराएँ तथा स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक बनें।

संपादक { विज्ञापन‍ }

Share this content:

Leave a Comment